Follow Us on Our Social Media
National

BJP का ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से देशभर में, 10 राज्यों के 193 जिलों से गुजरेगी बाइक यात्रा

नई दिल्ली। बीजेपी कार्यकर्ता, एनडीए के सहयोगी दलों और कई स्वयंसेवी संगठनों की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इस दौरान ‘वडनगर से वाराणसी’ और ‘वाराणसी से वडनगर’ सेवा संकल्प बाइक यात्रा निकाली जाएगी। दोनों यात्राओं का शुभारंभ 17 सितंबर को सुबह 9:30 बजे एक साथ होगा।

अमित शाह और राजनाथ सिंह दिखाएंगे हरी झंडी

गुजरात के वडनगर से शुरू होने वाली यात्रा को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल समेत बीजेपी के वरिष्ठ नेता हरी झंडी दिखाएंगे। वहीं वाराणसी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई नेता मौजूद रहेंगे और यात्रा को रवाना करेंगे।

यह बाइक यात्रा 10 राज्यों के 193 जिलों और करीब 1,159 गांवों से होकर गुजरेगी। इस दौरान कार्यकर्ता करीब 40 हजार किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। यात्रा में देशभर से करीब 1,000 युवा शामिल होंगे।

स्वच्छता से जल संरक्षण तक चलेंगे अभियान

यात्रा के दौरान स्वच्छता, नशामुक्ति, टीबी मुक्त भारत, प्लास्टिक मुक्त भारत और जल संरक्षण जैसे अभियानों को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके साथ ही हर दिन 25 पेड़ों के पालन-पोषण का संकल्प लिया जाएगा।

यात्रा के दौरान लाभार्थियों, युवाओं और महिला सशक्तिकरण योजनाओं से जुड़ी महिलाओं के साथ संवाद भी किया जाएगा।

16 सितंबर तक वडनगर पहुंचेंगी उपयात्राएं

गुजरात में 13 सितंबर से चार जोन की उपयात्राएं वडनगर के लिए रवाना हुई थीं। सोमनाथ, श्यामलाजी, पावागढ़ और उंनई माताजी से निकली ये उपयात्राएं 16 सितंबर तक वडनगर पहुंचेंगी।

यात्रा के दौरान गुजरात के विभिन्न जलस्रोतों से जल एकत्र किया जाएगा। वडनगर में हाटकेश्वर महादेव और वाराणसी में काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। अभियान की यात्रा का समापन 7 अक्टूबर को होगा।

इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को सेवा, समाज और राष्ट्रनिर्माण से जोड़ना बताया गया है।

17 सितंबर को पीएम मोदी का जन्मदिन

मुंबई में मीडियाकर्मियों से बातचीत में अमित शाह ने कहा कि अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के जरिए विकसित भारत के दृष्टिकोण में योगदान देना है। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। वहीं, इस साल अक्टूबर में मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके 25 साल पूरे हो रहे हैं।

अमित शाह ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के तहत शुरू की गई विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक पहलों का भी उल्लेख किया।

‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने मंगलवार को कहा कि पीएम मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित यह अभियान सेवा, सुशासन और गरीबों के कल्याण पर केंद्रित होगा। इसके जरिए सरकार की योजनाओं और नीतियों को जमीनी स्तर पर लाभार्थियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने लोगों से शाम 7 बजे पीएम मोदी के अच्छे स्वास्थ्य और देश की सेवा में दीर्घायु की कामना करते हुए ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील भी की।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button