Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

CM साय के विधानसभा क्षेत्र में 140 मोबाइल की चोरी, भूपेश बघेल का तंज- ‘गृहमंत्री को विदा करने का सही समय’

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी में मोबाइल दुकान से हुई चोरी को लेकर सियासत गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने घटना को लेकर पुलिस विभाग और गृहमंत्री विजय शर्मा पर निशाना साधा है। बघेल ने आरोप लगाया कि चोरी के आरोपियों को पकड़ने के लिए जशपुर पुलिस के पास पेट्रोल-डीजल तक के पैसे नहीं हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री साय पर तंज कसते हुए कहा कि अगर पुलिस की ऐसी स्थिति है तो यह सही समय है कि मुख्यमंत्री अपने गृहमंत्री को विदा कर दें।

दुकान से 130-140 मोबाइल लेकर फरार हुए चोर

दरअसल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी में जय स्तंभ चौक स्थित कठौतिया मोबाइल दुकान में 12 अगस्त की रात चोरी हुई थी। बताया गया कि चोर दुकान से करीब 130 से 140 मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।

आरोप है कि चोर चोरी के बाद आराम से बस में बैठकर निकल गए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन लंबे समय तक मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी के मोबाइल की बरामदगी नहीं होने को लेकर सवाल उठते रहे।

‘फोन एक्टिवेट हो रहे, फिर भी पुलिस नहीं कर रही बरामद’

दुकानदार के मुताबिक, चोरी हुए मोबाइल फोन लगातार एक्टिवेट हो रहे हैं और इसकी जानकारी पुलिस को दी जा रही है। इसके बावजूद मोबाइल की बरामदगी नहीं हो सकी है।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दावा किया कि पुलिस व्यापारी से यहां तक कह रही है कि आरोपी को पकड़ने जाने के लिए उसके पास पेट्रोल के पैसे नहीं हैं। उन्होंने पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में कानून व्यवस्था का यह हाल है तो पूरे प्रदेश की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

पुलिस ने एक आरोपी को झारखंड से पकड़ा

पुलिस के मुताबिक, शिकायत के आधार पर कुनकुरी थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने CCTV फुटेज, होटल से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों का मिलान कर संदिग्धों की पहचान शुरू की।

तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने तौसीफ रजा, निवासी साहेबगंज, झारखंड की पहचान की। विशेष टीम झारखंड पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया।

पूछताछ में तौसीफ रजा ने अपने एक साथी के साथ मिलकर चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए मोबाइल फोन उसके दूसरे साथी के पास हैं।

दूसरा आरोपी फरार, मोबाइल की तलाश जारी

पुलिस ने दूसरे आरोपी की भी पहचान कर ली है, लेकिन वह फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी और चोरी किए गए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगातार तलाश कर रही है।

बताया जा रहा है कि फरार आरोपी की तलाश में जाने के लिए पुलिस ने प्रार्थी से पेट्रोल के लिए पैसे मांगे, जिसके बाद दुकानदार ने पैसे भी दिए।

इस पूरे मामले को लेकर अब पुलिस की कार्रवाई और कानून व्यवस्था पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button