राज्योत्सव में कांग्रेस नेताओं की गैरमौजूदगी पर सांसद संतोष पांडेय का तंज, बोले- कालनेमि जैसा है छत्तीसगढ़ के प्रति इनका प्रेम

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 में कांग्रेस नेताओं के शामिल नहीं होने पर भाजपा सांसद संतोष पांडेय ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के किसी भी नेता को राज्योत्सव की खुशी नहीं है। कांग्रेस नेता केवल कुर्सी के लिए राजनीति करते हैं। जिस तरह कालनेमि राक्षस ढोंगी था, उसी तरह कांग्रेस का छत्तीसगढ़ के प्रति प्रेम भी दिखावटी है।
राजनांदगांव से भाजपा सांसद संतोष पांडेय ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि अलग राज्य के निर्माण के लिए लोगों ने लंबे समय तक कल्पना और प्रयास किए थे। कांग्रेस ने तेलंगाना राज्य का निर्माण किया, लेकिन वहां अलग राज्य बनने के दौरान काफी खून-खराबा हुआ। वहीं, छत्तीसगढ़ बिना किसी खून-खराबे के अलग राज्य बना और यहां अमन-चैन कायम है।
मॉक पार्लियामेंट को लेकर भी साधा निशाना
दिल्ली में कांग्रेस द्वारा मॉक पार्लियामेंट आयोजित किए जाने पर सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह कोई नई बात नहीं है। उन्होंने बस्तर में जनताना सरकार का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि वहां बंदूक की नोक पर सरकार चलाई जाती थी। उन्होंने कांग्रेस पर सदन में अपनी जिम्मेदारियों से बचने का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष के नेता सदन में बोलने के बजाय बाहर चले जाते हैं।
चुनाव को लेकर भाजपा तैयार
आगामी नगरीय निकाय चुनाव और अहिवारा उपचुनाव को लेकर संतोष पांडेय ने कहा कि भाजपा हर चुनाव के लिए तैयार रहती है। पार्टी में लगातार बैठकें होती रहती हैं और चुनाव को लेकर शक्ति केंद्रों में भी बैठकें आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनावी मैदान में उतरने के लिए पूरी तरह तैयार है।



