मरवाही वन मंडल में 62 हाथियों का विशाल झुंड, ड्रोन से हुई संख्या की पुष्टि; किसानों की बढ़ी चिंता

छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के मरवाही वन मंडल क्षेत्र में हाथियों की बढ़ती मौजूदगी ने वन विभाग और स्थानीय किसानों की चिंता बढ़ा दी है। यहां हाथियों के एक बड़े झुंड में अब 62 गजराज होने की पुष्टि हुई है। पहले इस दल में करीब 55 हाथियों के होने का अनुमान लगाया जा रहा था, लेकिन ड्रोन कैमरे से निगरानी और गिनती के बाद वास्तविक संख्या सामने आई है।
ड्रोन से सामने आई हाथियों की सही संख्या
जानकारी के मुताबिक, हाथियों का झुंड पहले दो से तीन छोटे समूहों में बंट जाता था। इस वजह से उनकी कुल संख्या का सही आकलन करना मुश्किल हो रहा था। वन विभाग को पहले लगभग 55 हाथियों के होने का अनुमान था। हाल ही में ड्रोन कैमरे की मदद से इलाके का हवाई सर्वे किया गया, जिसमें कुल 62 हाथियों की मौजूदगी की पुष्टि हुई।
मरवाही वन मंडल के डीएफओ और आईएफएस अधिकारी कुमार निशांत ने भी ड्रोन से की गई गिनती में 62 हाथियों के होने की पुष्टि की है।
खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान, किसानों में दहशत
एक ही क्षेत्र में इतनी बड़ी संख्या में हाथियों के मौजूद रहने से आसपास के किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हाथियों का झुंड लगातार खेतों में पहुंचकर खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है और उन्हें अपना आहार बना रहा है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान की आशंका है। क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों को लेकर ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है।
वन विभाग और हाथी मित्र दल अलर्ट
स्थिति को देखते हुए वन विभाग के मैदानी कर्मचारी और हाथी मित्र दल सतर्क हैं। टीम लगातार हाथियों की आवाजाही और गतिविधियों पर नजर रख रही है। विभाग की कोशिश है कि ग्रामीणों को समय रहते अलर्ट किया जाए और हाथियों के साथ किसी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।



