उज्जैन में होटल के वेस्ट चैंबर की सफाई बनी जानलेवा, जहरीली गैस से 4 कर्मचारियों की मौत; बचाने पहुंचे 2 लोग गंभीर

मध्य प्रदेश के उज्जैन में देवास रोड स्थित होटल श्री गंगा में शनिवार रात बड़ा हादसा हो गया। होटल के वेस्ट चैंबर की सफाई करने उतरे चार कर्मचारियों की जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत हो गई। वहीं, उन्हें बचाने के लिए चैंबर में उतरे दो अन्य लोगों की भी तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आए कर्मचारी
जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब 10:30 बजे होटल के दाईं ओर बने वेस्ट चैंबर की सफाई की जा रही थी। इस चैंबर में मिठाई, डेयरी उत्पाद और खाने का बचा हुआ कचरा जमा किया जाता है। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा के अनुसार, शुरुआत में दो कर्मचारी सफाई के लिए टैंक के अंदर उतरे थे।
चैंबर में जहरीली गैस और फिसलन के कारण दोनों कर्मचारी बेहोश होकर अंदर गिर गए। उन्हें बाहर न आते देख दो अन्य कर्मचारी उन्हें बचाने के लिए अंदर उतरे, लेकिन वे भी गैस की चपेट में आ गए। इसके बाद चारों को निकालने पहुंचे दो अन्य लोगों की भी दम घुटने से तबीयत बिगड़ गई।
कटर मशीन से काटना पड़ा चैंबर का गेट
घटना की सूचना मिलते ही माधव नगर थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। चैंबर का गेट आसानी से नहीं खुलने पर पास की निर्माणाधीन साइट से कटर मशीन मंगवाई गई। गेट काटने के बाद करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत से चारों कर्मचारियों को बाहर निकाला गया।
पुलिसकर्मियों ने मौके पर ही उन्हें सीपीआर देकर बचाने की कोशिश की, लेकिन अस्पताल ले जाते समय डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एक सब-इंस्पेक्टर के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
होटल प्रबंधन की लापरवाही की जांच शुरू
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन यह पता लगा रहा है कि कर्मचारियों को बिना सुरक्षा उपकरणों के चैंबर में उतरने की अनुमति किसने दी थी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि होटल प्रबंधन ने सुरक्षा मानकों और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन किया था या नहीं।
अधिकारियों के मुताबिक, जांच में यदि सुरक्षा नियमों के उल्लंघन या लापरवाही की पुष्टि होती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



