Follow Us on Our Social Media
ChhattisgarhRaipur

अमित शाह ने रायपुर में आर्टेमिस शांति सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का किया लोकार्पण, मध्य भारत को मिलेंगी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं

रायपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को रायपुर के देवेंद्र नगर, पंडरी स्थित आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल का लोकार्पण किया। गुरुग्राम के प्रतिष्ठित आर्टेमिस हॉस्पिटल्स नेटवर्क के विस्तार के रूप में स्थापित यह सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल छत्तीसगढ़ सहित मध्य भारत के लोगों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं और उन्नत उपचार सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इसके अलावा उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल तथा रायपुर नगर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

समारोह में आर्टेमिस हॉस्पिटल्स एवं अपोलो टायर्स लिमिटेड के चेयरमैन ओंकार एस. कंवर, आर्टेमिस हॉस्पिटल्स की मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. देवलीना चक्रवर्ती और आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल्स के डायरेक्टर डॉ. कमलेश अग्रवाल सहित वरिष्ठ चिकित्सक, अस्पताल के अधिकारी और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

11 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और 30 से अधिक विशेषज्ञताएं

आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल का उद्देश्य छत्तीसगढ़ और मध्य भारत के मरीजों को एक ही छत के नीचे आधुनिक और विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। अस्पताल में हृदय रोग, न्यूरोसाइंस, कैंसर उपचार, हड्डी एवं जोड़ रोग, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, किडनी एवं यूरोलॉजी और क्रिटिकल केयर सहित कई क्षेत्रों में विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध होंगी।

अस्पताल में आधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, अत्याधुनिक आईसीयू, उच्च स्तरीय इमेजिंग एवं डायग्नोस्टिक सुविधाएं और 24 घंटे इमरजेंसी एवं ट्रॉमा सेवाओं की व्यवस्था की गई है। यहां 11 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और 30 से अधिक चिकित्सा एवं सर्जिकल विशेषज्ञताओं के माध्यम से मरीजों को उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।

मध्य भारत में सेवाओं का विस्तार महत्वपूर्ण कदम : ओंकार एस. कंवर

आर्टेमिस हॉस्पिटल्स के चेयरमैन ओंकार एस. कंवर ने कहा कि आर्टेमिस की स्थापना का उद्देश्य प्रत्येक मरीज को संवेदनशीलता के साथ विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना रहा है। आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल के माध्यम से समूह दिल्ली-एनसीआर से बाहर मध्य भारत में अपनी सेवाओं का विस्तार कर रहा है। उन्होंने केंद्र और छत्तीसगढ़ सरकार के सहयोग के लिए आभार जताते हुए प्रदेश के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने की प्रतिबद्धता दोहराई।

अब उन्नत इलाज के लिए दूसरे शहरों की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी : डॉ. देवलीना

आर्टेमिस हॉस्पिटल्स की मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. देवलीना चक्रवर्ती ने कहा कि अब तक छत्तीसगढ़ के कई मरीजों को बेहतर और उन्नत इलाज के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता था। आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल शुरू होने से मरीजों को आधुनिक तकनीक, अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों और उन्नत चिकित्सा प्रक्रियाओं का लाभ रायपुर में ही मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि मरीजों को सर्वोपरि रखना अस्पताल की कार्यशैली का मूल आधार है।

रायपुर में मिलेंगी विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं : डॉ. कमलेश अग्रवाल

आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल्स के डायरेक्टर डॉ. कमलेश अग्रवाल ने इसे रायपुर और छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि अस्पताल की स्थापना का उद्देश्य प्रदेश के लोगों को उनके अपने शहर में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें इलाज के लिए घर और परिवार से दूर न जाना पड़े। उन्होंने चिकित्सा गुणवत्ता, सुरक्षा और मरीजों की संतुष्टि के नए मानक स्थापित करने की प्रतिबद्धता जताई।

समारोह के दौरान अतिथियों ने रिबन काटकर अस्पताल का औपचारिक उद्घाटन किया और लोकार्पण पट्टिका का अनावरण किया। इसके बाद उन्होंने अस्पताल की विभिन्न आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का अवलोकन भी किया।

image 28 1

300 से अधिक बेड वाला सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल

रायपुर के पंडरी स्थित आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल में 300 से अधिक बेड हैं। यह गुरुग्राम स्थित आर्टेमिस हॉस्पिटल्स नेटवर्क का हिस्सा है। अस्पताल में 11 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और 30 से अधिक चिकित्सा एवं सर्जिकल विशेषज्ञताओं के तहत आधुनिक उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

वर्ष 2007 में स्थापित गुरुग्राम स्थित आर्टेमिस हॉस्पिटल्स 750 से अधिक बेड वाला सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल है। अपोलो टायर्स समूह द्वारा प्रोत्साहित यह संस्थान 40 से अधिक चिकित्सा विशेषज्ञताओं में सेवाएं देता है और जेसीआई (JCI) तथा एनएबीएच (NABH) से मान्यता प्राप्त है।

आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल का शुभारंभ समूह के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि है, क्योंकि इसके जरिए उसने पहली बार दिल्ली-एनसीआर से बाहर अपनी स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button