रतलाम में दो पक्षों के विवाद के बाद भड़की हिंसा: दुकानों में लगाई आग, गांव बना पुलिस छावनी

रतलाम। रतलाम जिले के बिलपांक थाना क्षेत्र स्थित कमेड़ गांव में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि गुस्साई भीड़ ने कई दुकानों में आग लगा दी।
घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया और क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, बलि मोहम्मद नामक व्यक्ति पर शासकीय जमीनों पर अतिक्रमण करने के आरोप लगते रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इस बार उसने गांव निवासी लाल सिंह राजपूत की जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया।
जब लाल सिंह ने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान बलि मोहम्मद ने लाल सिंह पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गुस्साए लोगों ने लगा दी आग
घटना की खबर फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया। गुस्साए लोगों ने आरोपी से जुड़े कुछ प्रतिष्ठानों और दुकानों में आग लगा दी। आग की सूचना मिलने पर नगर निगम की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
पूर्व में जेल जा चुका बलि मोहम्मद
बताया जा रहा है कि आरोपी बलि मोहम्मद पहले भी मंदिर की जमीन पर कब्जा करने और बलात्कार के आरोप में जेल जा चुका है। घटना के बाद प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है।
एएसपी राकेश खाखा, एसडीओपी किशोर पटनवाला सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और जिला प्रशासन के अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
हिंसा में शामिल लोगों की शिनाख्त में जुटी पुलिस
पुलिस ने मुख्य आरोपी की तलाश तेज कर दी है और हिंसा में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

