NationalUncategorized

BREAKING NEWS : राजधानी के रेस्टॉरेंट में भड़की आग, 20 की मौत

Delhi Malviya Nagar Fire: मालवीय नगर के होटल में भीषण आग, 20 लोगों की मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

दिल्ली । देश की राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आ रही है। यहाँ बुधवार सुबह एक 6 मंजिला इमारत में स्थित ‘फ्लोरिस स्टे होटल’ और ‘लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट’ में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 20 लोगों की मौत हो चुकी है। मौके पर पहुंची दिल्ली फायर सर्विस (DFS) और स्थानीय प्रशासन की टीम ने युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर अब तक 37 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है।

अधिकारियों के मुताबिक, कई घायलों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जिसके कारण मरने वालों का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

सुबह 8:50 बजे मिली आग की सूचना

दिल्ली फायर सर्विस (DFS) से मिली जानकारी के अनुसार, कंट्रोल रूम को सुबह 8:50 बजे मालवीय नगर की इस बिल्डिंग में आग लगने की कॉल मिली थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां तुरंत मौके पर रवाना की गईं। दमकल कर्मियों ने भारी मशक्कत के बाद बिल्डिंग में फैली आग पर काबू पाया।

कांच फोड़ते ही बेसमेंट तक फैली आग

स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह हादसा सुबह करीब 8:51 बजे शुरू हुआ जब 6 मंजिला बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर अचानक आग भड़क उठी।

स्थानीय लोगों का कहना है: “जैसे ही ग्राउंड फ्लोर का कांच फोड़ा गया, वेंटिलेशन मिलने के कारण आग ने और विकराल रूप ले लिया और तेजी से बेसमेंट की तरफ फैल गई।”

बिल्डिंग के बेसमेंट में भी कई लोग फंस गए थे, जिनमें से 6 से अधिक लोगों को रेस्क्यू टीम ने सूझबूझ से बाहर निकाला।

बचाव कार्य और मौजूदा स्थिति (Key Updates):
कुल मौतें: अब तक 20 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं।

सुरक्षित बचाए गए: 37 लोगों को मलबे और धुएं के बीच से सुरक्षित निकाला गया।

बेसमेंट रेस्क्यू: बेसमेंट में फंसे 6 से ज्यादा लोगों को बचाया गया।

अस्पताल में भर्ती: सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनके इलाज में जुटी है।

जांच के घेरे में सुरक्षा इंतजाम

शुरुआती जांच में सामना आया है कि जिस जगह आग लगी, वहां ‘फ्लोरिस स्टे होटल’ संचालित हो रहा था। सुबह का समय होने के कारण रेस्टोरेंट और होटल में कई लोग मौजूद थे। इस भीषण हादसे ने एक बार फिर दिल्ली की व्यावसायिक इमारतों में फायर सेफ्टी नियमों (Fire Safety Rules) के पालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस और फायर विभाग इस बात की जांच कर रहे हैं कि बिल्डिंग के पास वैध एनओसी (NOC) थी या नहीं और आग लगने की असली वजह क्या थी।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button