अक्षय कुमार पर सुधीर पांडे का बड़ा दावा: ‘टॉयलेट: एक प्रेम कथा’ में टेलीप्रॉम्प्टर से बोले थे डायलॉग

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार (Akshay Kumar) एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी कोई नई फिल्म नहीं, बल्कि वरिष्ठ अभिनेता सुधीर पांडे का बयान है। सुधीर पांडे ने दावा किया है कि अक्षय कुमार ने 2017 में रिलीज हुई फिल्म ‘टॉयलेट: एक प्रेम कथा’ के लंबे संवादों के लिए टेलीप्रॉम्प्टर का इस्तेमाल किया था। उन्होंने यह खुलासा हाल ही में एक पॉडकास्ट इंटरव्यू के दौरान किया।
सुधीर पांडे, जिन्होंने अक्षय कुमार के साथ ‘पांडव’, ‘तीस मार खां’ और ‘टॉयलेट: एक प्रेम कथा’ जैसी फिल्मों में काम किया है, ने बताया कि अक्षय को लंबे डायलॉग याद रखने में दिक्कत होती थी। उनके मुताबिक, 1995 में फिल्म ‘पांडव’ के दौरान भी अक्षय डायलॉग पढ़ने के लिए बोर्ड का इस्तेमाल करते थे। बाद में ‘टॉयलेट: एक प्रेम कथा’ में लंबे सीन शूट करते समय उन्होंने टेलीप्रॉम्प्टर की मदद ली।
हालांकि, सुधीर पांडे ने यह भी कहा कि ‘तीस मार खां’ में अक्षय (Akshay Kumar) ने टेलीप्रॉम्प्टर का ज्यादा इस्तेमाल नहीं किया था। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें नहीं पता कि आज भी अक्षय इस तकनीक का इस्तेमाल करते हैं या नहीं, लेकिन उनके अनुसार कलाकार अगर इसकी आदत बना लें तो फिर उस पर निर्भर हो सकते हैं।
व्यक्तिगत तौर पर लगता है बुरा
इंटरव्यू में सुधीर पांडे ने अक्षय कुमार से अपने रिश्तों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि कई फिल्मों में साथ काम करने के बावजूद जब भी वह अक्षय (Akshay Kumar) से संपर्क करने की कोशिश करते हैं, तो उनके मैनेजर की ओर से कोई जवाब नहीं मिलता। इससे उन्हें व्यक्तिगत तौर पर बुरा लगता है।
हैवान फिल्म की तैयारियों में जुटे अक्षय
वर्कफ्रंट की बात करें तो अक्षय कुमार इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘हैवान’ की तैयारियों में जुटे हैं। इससे पहले वह इस साल रिलीज हुई ‘भूत बंगला’ और ‘वेलकम टू द जंगल’ को लेकर सुर्खियों में रहे हैं। फिलहाल सुधीर पांडे के इस बयान पर अक्षय कुमार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

