CJP प्रदर्शन के बीच कनॉट प्लेस की दुकानें शाम 6:30 बजे तक बंद करने के निर्देश

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में जारी CJP के विरोध-प्रदर्शन के बीच सुरक्षा कारणों से कनॉट प्लेस की सभी दुकानों, कार्यालयों और रेस्तरां को गुरुवार शाम 6:30 बजे तक बंद करने के निर्देश जारी किए गए हैं। यह फैसला नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) ने नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) के अधिकारियों से मिली सलाह के बाद लिया।
NDTA ने व्यापारियों से अपील की है कि वे निर्देशों का पालन करें ताकि किसी भी अप्रिय घटना, संपत्ति के नुकसान या लोगों की सुरक्षा से जुड़ी समस्या से बचा जा सके। एसोसिएशन के अनुसार, कनॉट प्लेस और आसपास के इलाके में बढ़ती भीड़ और सुरक्षा स्थिति को देखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है।
बुधवार को कनॉट प्लेस के टॉल्स्टॉय मार्ग के पास प्रदर्शन के दौरान हिंसा हुई थी। इस दौरान कुछ उपद्रवियों ने पुलिस पर पत्थर और बोतलें फेंकी थीं, जिसमें कनॉट प्लेस के एसीपी विवेक भगत घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

फिलहाल मध्य दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। CJP के प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे सहित कई मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
वहीं, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कनॉट प्लेस में भारी सुरक्षा तैनाती और दुकानों को समय से पहले बंद कराने के फैसले पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि क्या सरकार प्रदर्शनकारियों के खिलाफ फिर से सख्त कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

