National

छात्रों से बातचीत के लिए सरकार के 4 प्रस्ताव, केंद्रीय मंत्रियों ने किया बातचीत का आग्रह

नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी छात्र आंदोलन के बीच केंद्र सरकार लगातार बातचीत के जरिए समाधान निकालने की कोशिश कर रही है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बताया कि कल से लेकर आज दोपहर तक प्रदर्शन कर रहे छात्रों को बातचीत के लिए चार बार प्रस्ताव भेजा गया है, लेकिन अब तक उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला है।

जितेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार छात्रों की सुविधा के अनुसार किसी भी समय और किसी भी स्थान पर बातचीत के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मुद्दे को लेकर गंभीर हैं और चाहते हैं कि बातचीत के जरिए समाधान निकले। उन्होंने छात्रों से आगे आकर संवाद करने की अपील भी की।

वहीं, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने भी कहा कि सरकार छात्रों से बातचीत की कोशिशें लगातार कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार छात्रों की पसंद की किसी भी जगह, चाहे वह उनका निवास हो या मंत्रालय, वहां बातचीत के लिए तैयार है। हालांकि अब तक छात्रों की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।

इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक मामलों के जल्द निपटारे के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को जल्द सजा दिलाई जाएगी।

दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों का प्रदर्शन जारी है। हाल के दिनों में प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई थी, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। कई जगहों पर पुलिस ने आंसू गैस और लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया था, जबकि एहतियात के तौर पर दिल्ली मेट्रो के कई स्टेशन भी अस्थायी रूप से बंद किए गए थे।

प्रदर्शन कर रहे छात्र केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार और पेपर लीक से प्रभावित छात्रों के परिवारों के लिए मुआवजे की मांग कर रहे हैं।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button