राहुल गांधी के आवास पर INDIA गठबंधन की बैठक, नेताओं के राजघाट जाने की तैयारी

नीट पेपर लीक के मुद्दे पर देशभर में जारी विरोध-प्रदर्शनों के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आवास पर INDIA गठबंधन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक के बाद गठबंधन के नेताओं के राजघाट जाने की भी संभावना जताई जा रही है। इसको लेकर राहुल गांधी के आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और बड़ी संख्या में पुलिस बल तथा रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवान तैनात किए गए हैं।
बैठक में शामिल होने के लिए कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी भी राहुल गांधी के आवास पहुंचीं। इसके अलावा राष्ट्रीय जनता दल के सांसद मनोज झा और कांग्रेस सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग समेत कई विपक्षी नेता भी बैठक में शामिल होने पहुंचे।
सूत्रों के अनुसार बैठक के बाद सभी नेता एक साथ बसों के जरिए राजघाट जा सकते हैं। राहुल गांधी के आवास के आसपास वाहनों की विशेष व्यवस्था की गई है और सुरक्षा एजेंसियां पूरे इलाके पर नजर बनाए हुए हैं।
बैठक में शामिल होने पहुंचे मनोज झा ने कहा कि जंतर-मंतर और विभिन्न राज्यों में जो घटनाएं हो रही हैं, वे युवाओं की बढ़ती बेचैनी को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विपक्ष अपनी रणनीति सार्वजनिक करेगा और देश की वर्तमान परिस्थितियों को लेकर गंभीर चिंता है।
वहीं कांग्रेस सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कहा कि विपक्ष अपनी रणनीति पहले से सार्वजनिक नहीं करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सुरक्षा एजेंसियां पहले से सक्रिय हैं, लेकिन विपक्ष लोकतांत्रिक तरीके से अपनी लड़ाई जारी रखेगा।
नीट पेपर लीक को लेकर जारी विरोध-प्रदर्शनों और राजधानी में बढ़े सुरक्षा इंतजामों के बीच INDIA गठबंधन की यह बैठक राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सभी की नजर अब बैठक के बाद विपक्ष की अगली रणनीति और संभावित कार्यक्रम पर टिकी हुई है।

