Chhattisgarh

CGPSC घोटाले में ED की एंट्री, टामन सिंह सोनवानी से होगी मनी लॉन्ड्रिंग एंगल पर पूछताछ

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) भर्ती घोटाला मामले में अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की भी एंट्री हो गई है। जानकारी के अनुसार, रिमांड अवधि के दौरान पूर्व CGPSC अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी से मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से पूछताछ की जाएगी। जांच एजेंसियां भर्ती प्रक्रिया में कथित वित्तीय लेनदेन और उससे जुड़े पहलुओं की जांच कर रही हैं।

भाजपा की करप्शन पर जीरो टॉलरेंस नीति: मुख्यमंत्री साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार के दौरान प्रदेश के छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं से CGPSC घोटाले की जांच का वादा किया था और भाजपा सरकार भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में अपराध करने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ का जिक्र

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड में छत्तीसगढ़ का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश के लिए गौरव की बात है। इससे पहले प्रधानमंत्री बस्तर पण्डुम और मल्हार के ताम्रपत्र का जिक्र कर चुके हैं। इस बार उन्होंने ‘कैच द रेन’ अभियान में बेहतर काम के लिए कोरबा की सराहना की। साथ ही गणेश चतुर्थी पर अपने गांव की मिट्टी से बनी प्रतिमा घर लाने की अपील भी की।

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर क्या बोले CM साय

केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद से धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि भाजपा के लिए देश सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान ने नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा एक सिद्धांतवादी पार्टी है और जनता व देश की सेवा के उद्देश्य से सरकार में काम करती है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि धर्मेंद्र प्रधान छत्तीसगढ़ भाजपा के संगठन प्रभारी भी रह चुके हैं।

 

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button