Chhattisgarh

रायपुर में नाम बदलकर शादी का आरोप: बजरंग दल के सदस्य पहुंचे थाना, पुलिस ने शुरू की जांच

रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में नाम बदलकर शादी करने के आरोप को लेकर गुरुवार रात हंगामा हो गया।

मामले की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता पंडरी थाने पहुंचे और आरोपित युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तत्काल कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

छह साल पहले की थी शादी

पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि करीब छह साल पहले उसकी मुलाकात एक युवक से हुई थी, जिसने अपना नाम सोनू बताया था। इसके बाद दोनों ने शादी कर ली। पीड़िता का कहना है कि शादी के बाद उसे युवक की असली पहचान सुफरान शेख के रूप में पता चली। इसके बाद वह करीब एक साल तक पंडरी स्थित घर में युवक की नानी और बहनों के साथ रही।

शिकायत के अनुसार, इस दौरान महिला गर्भवती हुई और उसने एक बेटे को जन्म दिया। पीड़िता का आरोप है कि बाद में युवक हत्या के प्रयास के एक मामले में जेल चला गया और एक साल से अधिक समय तक जेल में रहा। जेल से बाहर आने के बाद उसने बच्चे को अपने पास रख लिया और वापस नहीं दे रहा है। महिला ने धमकी देने का आरोप भी लगाया है।

परिजनों ने महिला के आरोपों को गलत बताया

वहीं, युवक के परिजनों ने महिला के आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि परिवार ने महिला को स्वीकार किया था और उसे साथ रखा गया था। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मामले को लेकर बजरंग दल के जिलाध्यक्ष योगेश सैनी के नेतृत्व में कार्यकर्ता पंडरी थाने पहुंचे। उन्होंने आरोपित के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान थाने में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

पंडरी थाना पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं। शिकायत, दस्तावेजों और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button