Entertainment

‘आवारापन 2’ से पहले नहीं होगी ‘आवारापन’ की री-रिलीज, इमरान हाशमी ने बताया मेकर्स का प्लान

मुंबई: अभिनेता इमरान हाशमी इन दिनों अपनी आगामी फिल्म आवारापन 2 को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है। इसी बीच उन्होंने फिल्म के पहले भाग आवारापन की री-रिलीज़ को लेकर चल रही अटकलों पर भी विराम लगा दिया है।

कुछ दिनों से खबरें थीं कि ‘आवारापन 2’ की रिलीज़ से पहले 2007 में आई ‘आवारापन’ को दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज़ किया जाएगा। हालांकि, इमरान हाशमी ने साफ किया कि ऐसा नहीं होगा। उनके मुताबिक, पहले ‘आवारापन 2’ रिलीज़ होगी और उसके बाद मेकर्स पहले भाग को री-रिलीज़ करेंगे।

क्यों लिया गया यह फैसला?

इमरान हाशमी ने इंस्टाग्राम लाइव के दौरान बताया कि यह फैसला सोच-समझकर लिया गया है। उनका कहना है कि जो दर्शक पहले ही ‘आवारापन’ देख चुके हैं, वे सीक्वल देखने के बाद पहली फिल्म से नए भावनात्मक जुड़ाव के साथ फिर से जुड़ पाएंगे।

वहीं, नई पीढ़ी के दर्शकों के लिए ‘आवारापन 2’ एक स्वतंत्र कहानी की तरह होगी। इसके बाद जब वे पहली फिल्म देखेंगे, तो उन्हें मुख्य किरदार शिवम पंडित की शुरुआती कहानी समझने का मौका मिलेगा।

इमरान ने कहा कि पुराने दर्शक ‘आवारापन 2’ देखने के बाद नई यादों के साथ पहली फिल्म को दोबारा महसूस करेंगे, जबकि नई ऑडियंस के लिए पहली फिल्म एक प्रीक्वल की तरह काम करेगी।

फिल्म की स्टारकास्ट

‘आवारापन 2’ में इमरान हाशमी एक बार फिर शिवम पंडित के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में दिशा पाटनी और शबाना आजमी भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्माण विशेष भट्ट ने किया है, निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है और इसकी कहानी बिलाल सिद्दीकी ने लिखी है।

14 अगस्त को रिलीज़ होने वाली ‘आवारापन 2’ का बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला बंटवारा 1947 से होगा।

 

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button