मलेशिया में एक ही दिन कोर्ट पहुंचे 3 पूर्व PM, नजीब- मुहिद्दीन-इस्माइल साबरी पर अलग-अलग आरोप

Malaysia: मलेशिया में गुरुवार, 27 अगस्त को असामान्य राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला, जब देश के तीन पूर्व प्रधानमंत्री नजीब रजाक, मुहिद्दीन यासीन और इस्माइल साबरी याकूब एक ही दिन कुआलालंपुर कोर्ट कॉम्प्लेक्स पहुंचे। तीनों नेता अलग-अलग मामलों में कानूनी कार्रवाई का सामना कर रहे हैं।
पूर्व प्रधानमंत्री नजीब रजाक के खिलाफ 1MDB और उसकी सहायक कंपनियों ने करीब 5.64 अरब डॉलर का सिविल मुकदमा दायर किया है। उन पर ट्रस्ट के उल्लंघन, वैधानिक जिम्मेदारियों के उल्लंघन, सत्ता के दुरुपयोग और 1MDB फंड के कथित दुरुपयोग की साजिश जैसे आरोप हैं। नजीब पहले ही 1MDB से जुड़े एक अलग आपराधिक मामले में दोषी ठहराए जा चुके हैं और जेल की सजा काट रहे हैं।
वहीं मुहिद्दीन यासीन के खिलाफ जाना विवावा प्रोजेक्ट से जुड़े सत्ता के दुरुपयोग और मनी लॉन्ड्रिंग के कुल सात आरोपों की सुनवाई चल रही है। उन पर प्रधानमंत्री और अपनी पार्टी बर्सातू के अध्यक्ष के रूप में पद का इस्तेमाल कर पार्टी के लिए करीब RM225.3 मिलियन हासिल करने की कोशिश करने का आरोप है। इसके अलावा करीब RM200 मिलियन की कथित अवैध रकम से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप भी हैं। मुहिद्दीन ने सभी आरोपों से इनकार किया है।
तीसरे पूर्व प्रधानमंत्री इस्माइल साबरी याकूब पर संपत्ति की पूरी जानकारी घोषित नहीं करने का आरोप लगाया गया है। मलेशिया की भ्रष्टाचार रोधी एजेंसी MACC के मुताबिक, मामले में करीब RM14.77 मिलियन नकद, अलग-अलग विदेशी मुद्राएं और सोने की छड़ों का उल्लेख है। जांच के दौरान एजेंसी ने करीब RM170 मिलियन की विदेशी मुद्रा और 16 किलोग्राम सोने की छड़ें जब्त करने की बात कही है। इस्माइल साबरी ने आरोपों से खुद को निर्दोष बताया है।
इन तीनों मामलों का आपस में सीधा संबंध नहीं है, लेकिन एक ही दिन तीन पूर्व प्रधानमंत्रियों का अदालत पहुंचना मलेशिया की राजनीति में असाधारण घटनाक्रम माना जा रहा है। इस्माइल साबरी पर आरोप लगने के साथ ही वह हाल के वर्षों में पद छोड़ने के बाद आपराधिक आरोपों का सामना करने वाले मलेशिया के तीसरे पूर्व प्रधानमंत्री बन गए हैं।



