Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

PM आवास योजना पर सियासत के बीच सामने आए सरकारी आंकड़े, 2025-26 में छत्तीसगढ़ में 5.92 लाख घर पूरे

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर सियासत तेज है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बीच इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती तक बात पहुंच गई है। दोनों नेताओं ने पत्रकारों के सामने एक-दूसरे की चुनौती स्वीकार की है। इसी बीच प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण से जुड़े सरकारी आंकड़े सामने आए हैं, जिनमें प्रदेश में अलग-अलग वर्षों के दौरान पूर्ण हुए आवासों की जानकारी दी गई है।

2025-26 में छत्तीसगढ़ ने बनाए सबसे ज्यादा आवास

विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत वर्ष 2025-26 में छत्तीसगढ़ में 5,92,508 आवास पूर्ण किए गए। सूची में शामिल प्रमुख राज्यों में यह संख्या सबसे अधिक बताई गई है।

अन्य राज्यों की बात करें तो मध्यप्रदेश में 4,90,185, महाराष्ट्र में 4,42,074, बिहार में 2,63,151, राजस्थान में 2,02,234, ओडिशा में 1,61,256, असम में 1,35,426 और गुजरात में 1,23,451 आवास पूर्ण हुए।

2016-17 से 2025-26 तक क्या रहा आंकड़ा?

छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास निर्माण का साल-दर-साल आंकड़ा इस प्रकार है:

– 2016-17: 136 आवास

– 2017-18: 3,65,867 आवास

– 2018-19: 3,41,378 आवास

– 2019-20: 34,587 आवास

– 2020-21: 59,684 आवास

– 2021-22: 23,289 आवास

– 2022-23: 33,688 आवास

– 2023-24: 1,54,789 आवास

– 2024-25: 2,52,771 आवास

– 2025-26: 5,92,508 आवास

– 2026-27: 1,98,414 आवास

आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2023-24 के बाद आवास निर्माण की रफ्तार में तेजी देखने को मिली। 2023-24 में 1.54 लाख आवास पूरे हुए, जो 2024-25 में बढ़कर 2.52 लाख और 2025-26 में करीब 5.93 लाख हो गए।

2026-27 के लिए 3.65 लाख आवास का लक्ष्य

रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2026-27 के लिए छत्तीसगढ़ में 3,65,179 आवासों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें से अब तक 1,98,414 आवास पूर्ण होने का आंकड़ा दर्ज है। यानी निर्धारित लक्ष्य का करीब 54.3 फीसदी काम पूरा हो चुका है।

रिपोर्ट में बताया गया है कि 11 सितंबर 2026 को भारत सरकार की ओर से नवीन आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण के आधार पर वर्ष 2026-27 के लिए यह लक्ष्य प्रदान किया गया।

अलग-अलग योजनाओं में कितने आवास पूरे हुए?

aamne samne aamne samne 1 aamne samne 3

विभागीय आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2016 से 2023 तक के शेष अधूरे आवासों की संख्या 2,46,215 थी। इनमें से 1,95,441 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं।

वहीं स्थायी प्रतीक्षा सूची में शामिल 6,99,438 परिवारों में से 5,86,788 आवास स्वीकृत हुए और 4,69,782 आवास पूर्ण किए गए।

आवास प्लस में कुल 8,19,999 परिवारों का विवरण दर्ज है। इनमें से 6,91,616 आवास स्वीकृत किए गए और 4,62,605 आवास पूर्ण हो चुके हैं।

इसके अलावा मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 47,090 आवासों के लक्ष्य/विवरण में से 38,948 को स्वीकृति मिली और 23,603 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं।

पीएम जनमन योजना में 24 हजार से ज्यादा आवास पूरे

रिपोर्ट के मुताबिक, पीएम जनमन योजना के तहत कुल 34,461 आवासों को स्वीकृति दी गई है। इनमें से 24,025 आवास पूर्ण हो चुके हैं।

इसी तरह विशेष परियोजना के तहत 5,662 आवासों को स्वीकृति दी गई, जिनमें से 524 आवास पूरे किए जा चुके हैं।

इन आंकड़ों के सामने आने के बाद प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर चल रही राजनीतिक बहस और तेज होने के आसार हैं। अब सभी की नजरें विजय शर्मा और भूपेश बघेल के बीच प्रस्तावित खुली बहस पर भी टिकी हैं।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button