महिला-बोर एजेंट से वसूली, खुद को भाजपा नेता बताने वाले आरोपी पर एफआईआर दर्ज

बालोद। बालोद जिले के दल्लीराजहरा में खुद को मीडिया कर्मी बताकर एक महिला और बोर मशीन एजेंट से कथित तौर पर 65 हजार रुपए की अवैध वसूली का मामला सामने आया है।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला सह सोशल मीडिया प्रभारी अनिकेत देशलहरे (BJP) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, वार्ड क्रमांक-13 घोड़ा मंदिर निवासी भगवती ठाकुर ने शिकायत में बताया कि मोहल्ले में लंबे समय से पेयजल संकट के कारण उन्होंने कर्ज लेकर 18 मई 2026 की रात अपने घर में निजी बोरवेल खुदवाने का काम शुरू कराया था।
इसी दौरान आरोपी अनिकेत देशलहरे (BJP) मौके पर पहुंचा और बिना अनुमति बोर खनन कराने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की धमकी दी। महिला का आरोप है कि आरोपी ने खुद को मीडिया से जुड़ा बताते हुए कहा कि वह मामले को अखबार और मीडिया में प्रकाशित कर देगा और इसके एवज में एक लाख रुपए की मांग की।
शिकायत (BJP) के अनुसार, आरोपी ने बोर मशीन एजेंट शत्रुघ्न यादव को भी धमकाया और उसकी मशीन की चाबी व दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए। कार्रवाई के डर से एजेंट ने महिला के सामने 40 हजार रुपए नकद दे दिए।
अगले दिन आरोपी फिर महिला के घर पहुंचा और मीडिया में खबर चलाने की धमकी देकर 25 हजार रुपए और ले लिए। इस तरह कुल 65 हजार रुपए की वसूली का आरोप लगाया गया है।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी के डर के कारण उन्होंने तत्काल शिकायत नहीं की। बाद में मोहल्ले में हुई एक अन्य घटना के बाद हिम्मत जुटाकर थाने पहुंचीं। पुलिस ने शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

