MP में 2027 के पंचायत चुनाव में बड़ा बदलाव, पहली बार पंच-सरपंच का चुनाव भी EVM से कराने की तैयारी

भोपाल। मध्यप्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव ऐतिहासिक बदलाव (MP) के साथ आयोजित हो सकते हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग ने पंच और सरपंच पदों के चुनाव भी बैलेट पेपर के बजाय इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) से कराने की तैयारी शुरू कर दी है।
यदि यह व्यवस्था लागू होती है तो प्रदेश के इतिहास में पहली बार स्थानीय निकाय और पंचायत के सभी पदों पर 100 प्रतिशत ईवीएम से मतदान कराया जाएगा।
चुनावी तैयारियों को लेकर प्रशासनिक प्रक्रिया तेज
राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनावी तैयारियों को लेकर (MP) अपनी प्रशासनिक प्रक्रिया तेज कर दी है।
गुरुवार को आयोग में पहली उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें 44 जिलों के उप निर्वाचन अधिकारी और मास्टर ट्रेनर्स शामिल हुए। बैठक में ईवीएम संचालन, प्रशिक्षण और चुनावी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार जून 2027 में प्रदेश की 413 नगरीय निकायों के चुनाव होंगे, जिनके लिए करीब 22 हजार मतदान केंद्र बनाए जाएंगे।
इसके बाद जुलाई 2027 में लगभग 23 हजार ग्राम पंचायतों के चुनाव कराए जाएंगे, जिनके लिए 72 हजार मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
चुनाव से ईवीएम करवाया जाएगा
गौरतलब है कि वर्ष 2022 के पंचायत चुनाव में जिला और जनपद पंचायत सदस्यों (MP) का चुनाव तो ईवीएम से कराया गया था, लेकिन पंच और सरपंच पदों के लिए पारंपरिक मतपत्रों का उपयोग किया गया था।
इस बार आयोग पूरी चुनाव प्रक्रिया को डिजिटल और अधिक पारदर्शी बनाने की दिशा में काम कर रहा है।
चुनाव की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए मतदान केंद्रों पर बड़े पैमाने पर लाइव वेबकास्टिंग की भी योजना बनाई गई है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि तकनीकी व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे और मतदाताओं का विश्वास पूरी प्रक्रिया पर बना रहे।
आयोग का मानना है कि ईवीएम के व्यापक उपयोग से मतगणना तेज होगी, पारदर्शिता बढ़ेगी और चुनाव परिणाम कम समय में घोषित किए जा सकेंगे। इससे प्रदेश की स्थानीय चुनाव प्रणाली आधुनिक तकनीक की ओर एक बड़ा कदम बढ़ाएगी।


