पेपर लीक पर मोदी सरकार सख्त, 24 घंटे में बड़े फैसले की तैयारी; कैबिनेट में आएगा नया बिल

नई दिल्ली: देशभर में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों को लेकर केंद्र सरकार सख्त रुख अपनाने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट किया है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। इस संबंध में अगले 24 घंटे के भीतर केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं।
सरकार पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए नया कानून लाने की तैयारी में है। प्रस्तावित विधेयक में दोषियों के लिए सख्त सजा, मामलों के त्वरित निपटारे के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट और परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित बनाने जैसे प्रावधान शामिल किए जा सकते हैं। सरकार का लक्ष्य इस विधेयक को संसद के मौजूदा मानसून सत्र में पेश करना है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता व विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने यह भी दोहराया कि पेपर लीक जैसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

