Follow Us on Our Social Media
National

देशभर में मानसून का असर: उत्तराखंड में लैंडस्लाइड से दुकानें खाली, MP में 3 दिन बारिश का ब्रेक

नई दिल्ली/रायपुर। देश के कई राज्यों में मानसून (Monsoon) का असर अलग-अलग रूप में दिखाई दे रहा है। कहीं भारी बारिश और लैंडस्लाइड से सड़कें और मकान प्रभावित हैं, तो कहीं नदियों के उफान ने बाढ़ की स्थिति पैदा कर दी है। उत्तराखंड के पौड़ी में लैंडस्लाइड के बाद पाबौ बाजार की छह दुकानों को खाली कराना पड़ा है। यहां 25 से ज्यादा दुकानों पर खतरा बना हुआ है। वहीं, बिहार में गंगा समेत आठ नदियां उफान पर हैं और 14 जिलों में करीब 35.89 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।

मौसम विभाग ने पहाड़ी जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड में कई इलाकों में बारिश के कारण भूस्खलन और सड़क पर मलबा आने की घटनाएं सामने आ रही हैं। पौड़ी के पाबौ बाजार में लैंडस्लाइड के कारण घरों और दुकानों की दीवारों में दरारें भी आ गई हैं। प्रशासन ने खतरे वाले हिस्से को देखते हुए छह दुकानों को खाली कराया है। स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल है।

MP में 3 दिन मानसून का ब्रेक, 12 सितंबर से फिर बढ़ सकती है बारिश

मध्य प्रदेश में मानसून (Monsoon) ने एक बार फिर करीब तीन दिन का ब्रेक लिया है। मौसम केंद्र भोपाल के मुताबिक, 11 सितंबर तक प्रदेश में कहीं भी भारी या अति भारी बारिश का अनुमान नहीं है। हालांकि, 11 सितंबर को पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक लो प्रेशर एरिया यानी कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।

इस सिस्टम का असर 12 सितंबर से मध्य प्रदेश में दिखाई दे सकता है। इसके बाद प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। फिलहाल मानसून कमजोर रहने के कारण कई इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क बना हुआ है।

यूपी में 23 जिलों में बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में आज वाराणसी और प्रयागराज समेत 23 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। लगातार बारिश को देखते हुए कुछ जिलों में स्कूलों को बंद रखने का फैसला लिया गया है।

लखीमपुर और बरेली में कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। वहीं, वाराणसी में प्री-प्राइमरी से कक्षा 5 तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। कक्षा 6 से 12 तक के स्कूल सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित होंगे।

बरेली में बारिश और नदी के तेज बहाव से स्थिति गंभीर बनी हुई है। यहां अरिल नदी के तेज बहाव में तीन दोस्त बाइक समेत बह गए। उनकी तलाश जारी है। प्रशासन और बचाव दल नदी के आसपास लगातार निगरानी कर रहे हैं।

बिहार में 8 नदियां उफान पर, 14 जिलों में बाढ़

बिहार में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। गंगा समेत आठ नदियां अभी भी उफान पर हैं। राज्य के 14 जिलों के 62 प्रखंडों की 491 पंचायतों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। इससे करीब 35.89 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।

गंगा के अलावा कोसी, गंडक और घाघरा नदियां भी लाल निशान से ऊपर बह रही हैं। सारण में माही नदी पर बना जमींदारी बांध टूटने के बाद आसपास के क्षेत्रों में हालात और चुनौतीपूर्ण हो गए हैं। खगड़िया समेत कई इलाकों में लोग बाढ़ के बीच जरूरी सामान और भोजन जुटाने में लगे हैं।

भागलपुर के राघोपुर में गंगा नदी में 10 लोगों से भरी नाव समा गई। हालांकि, SDRF की टीम ने समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित बचा लिया। प्रशासन की टीमें बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं।

बंगाल के मालदा में गंगा का जलस्तर बढ़ा

पश्चिम बंगाल के मालदा में भी गंगा का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ और कटाव की स्थिति बनी हुई है। महानंदा टोला और आसपास के इलाकों में नदी के बढ़ते जलस्तर का असर दिखाई दे रहा है। अनुमान के मुताबिक यहां करीब 15 से 20 हजार लोग प्रभावित हुए हैं।

उत्तराखंड में बोल्डर गिरने से कार क्षतिग्रस्त

उत्तराखंड के चंपावत में घाट-पनार मार्ग पर पहाड़ी से अचानक बोल्डर गिरने से एक कार क्षतिग्रस्त हो गई। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के दौरान इस तरह की घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। प्रशासन ने लोगों से संवेदनशील मार्गों पर यात्रा करते समय सावधानी बरतने की अपील की है।

धनबाद के सिजुआ में जमीन धंसी

झारखंड के धनबाद के सिजुआ में मंगलवार को जमीन धंसने की घटना सामने आई। हादसे में दो बच्चों समेत करीब छह महिलाएं घायल हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय प्रशासन और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।

छत्तीसगढ़ में 10 सितंबर से बढ़ सकती है बारिश

छत्तीसगढ़ में फिलहाल बारिश (Monsoon) की गतिविधियां कम हैं, लेकिन मौसम विभाग के मुताबिक 10 सितंबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। अगले दो से तीन दिनों में मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो सकता है।

राजस्थान में भी 11 सितंबर के बाद बदलाव के संकेत

राजस्थान में मानसून कमजोर पड़ने के कारण फिलहाल तीन दिन तक बारिश की संभावना कम है। मौसम विभाग के अनुसार 11 सितंबर को बंगाल की खाड़ी में बनने वाले नए लो प्रेशर सिस्टम का असर 12 सितंबर से पूर्वी राजस्थान के कुछ जिलों में दिखाई दे सकता है। इसके बाद हल्की बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।

पंजाब-हरियाणा में बारिश कम, तापमान बढ़ा

पंजाब और चंडीगढ़ में मानसून कमजोर पड़ गया है। आज पठानकोट, रूपनगर और होशियारपुर में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

हरियाणा में भी बारिश की गतिविधियां कम होने के बाद तापमान बढ़ गया है। राज्य के 10 से ज्यादा शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 1.9 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया गया है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button