छत्तीसगढ़ में ‘सुपर CM’ पर सियासी घमासान, BJP के रैप सॉन्ग से गरमाई राजनीति; दीपक बैज ने किया पलटवार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में ‘सुपर CM’ को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच पोस्टर और वीडियो वार लगातार जारी है। दोनों दल सोशल मीडिया के जरिए एक-दूसरे पर निशाना साध रहे हैं। अब भाजपा के एक रैप सॉन्ग ने प्रदेश की सियासत को फिर गरमा दिया है।
भाजपा ने सोशल मीडिया पर रैप सॉन्ग साझा करते हुए कांग्रेस के पूर्ववर्ती कार्यकाल पर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने रैप सॉन्ग के साथ लिखा— “सुपर CM, सुपर पावर, सुपर घोटाला, छत्तीसगढ़ का जिसने निकाला दिवाला।”
रैप सॉन्ग में घोटालों और राजनीतिक विवादों का जिक्र
भाजपा के इस रैप सॉन्ग में कांग्रेस शासनकाल से जुड़े कथित घोटालों और राजनीतिक विवादों का जिक्र किया गया है। इसमें पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान चर्चित रही अधिकारी सौम्या चौरसिया का भी उल्लेख किया गया है।
भाजपा के रैप सॉन्ग के सामने आने के बाद ‘सुपर CM’ का मुद्दा एक बार फिर प्रदेश की राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है।
‘सुपर CM तो कौशल्या भाभी हैं’—दीपक बैज
भाजपा के रैप सॉन्ग पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा को अपनी TRP बढ़ानी है और सरकार के पास कोई काम नहीं है, इसलिए पोस्टर और वीडियो जारी कर टाइम पास किया जा रहा है।
बैज ने कहा कि भाजपा को पोस्टर जारी करने के बजाय अपनी सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों पर पोस्टर जारी करना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि सरकार ने जनता के लिए क्या काम किया है, इसकी जानकारी भाजपा को देनी चाहिए।
‘सुपर CM’ के मुद्दे पर तंज कसते हुए दीपक बैज ने कहा, “सुपर CM तो हमारी कौशल्या भाभी हैं। कौशल्या भाभी तो खुद कह रही हैं कि मैं सुपर CM हूं।” उन्होंने वित्त मंत्री ओपी चौधरी को भी ‘सुपर CM’ बताया।
सौम्या चौरसिया को लेकर बैज ने कहा कि “सौम्या चौरसिया तो एक अधिकारी थी।”
इस तरह भाजपा के रैप सॉन्ग के बाद ‘सुपर CM’ को लेकर छत्तीसगढ़ में भाजपा-कांग्रेस के बीच सियासी वार-पलटवार और तेज हो गया है।



