SargujaChhattisgarh

8वीं के छात्र से 200 बार गाली लिखवाई, अंबिकापुर के स्कूल की शिक्षिका पर जांच शुरू

अंबिकापुर-छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। शहर के ग्राम सरगवां स्थित बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल की एक शिक्षिका पर 8वीं कक्षा के छात्र से 200 बार गाली लिखवाने का आरोप लगा है। मामला सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने जांच के आदेश दे दिए हैं।

100 बार हिंदी, 100 बार अंग्रेजी में गाली

जानकारी के मुताबिक, 28 जुलाई को स्कूल में दो छात्रों के बीच कहासुनी और मारपीट हो गई थी। आरोप है कि इसके बाद शिक्षिका ने एक छात्र को सजा देते हुए उसकी कॉपी में मां से जुड़ी गाली 100 बार हिंदी और 100 बार अंग्रेजी में लिखने के लिए कहा। इतना ही नहीं, छात्र से यह भी कहा गया कि वह कॉपी घर ले जाकर अपने माता-पिता के हस्ताक्षर कराकर लाए।

कॉपी देखकर हैरान हुए माता-पिता

जब छात्र ने घर पहुंचकर कॉपी अपने माता-पिता को दिखाई तो वे हैरान रह गए। छात्र के पिता का कहना है कि अगर बच्चे से गलती हुई भी थी, तो शिक्षक का काम उसे समझाना और सही रास्ता दिखाना है, न कि गाली लिखवाकर सजा देना। उनका कहना है कि बच्चा 200 बार गाली लिखते समय उसे पढ़ भी रहा होगा। उन्होंने सवाल उठाया कि हम बच्चों को स्कूल पढ़ने भेजते हैं या गाली सीखने?

डीईओ ने दिए जांच के आदेश

मामले की शिकायत मिलने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा ने इसे गंभीर बताते हुए सहायक संचालक को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित शिक्षिका के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

UJJ

इस घटना के सामने आने के बाद छात्र संगठनों ने भी शिक्षिका के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल शिक्षा विभाग मामले की जांच कर रहा है और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button