छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में बड़े फेरबदल के संकेत, IG से लेकर DSP तक तबादलों की तैयारी तेज

रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में जल्द ही बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल (Chhattisgarh Police ) देखने को मिल सकता है। आने वाले दो दिनों के भीतर राज्य में तबादला सूची जारी होने की संभावना जताई जा रही है, जिसमें पुलिस के उच्च पदों से लेकर मैदानी स्तर तक के अधिकारियों के नाम शामिल हो सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार, प्रस्तावित बदलाव में एक-दो आईजी स्तर के अधिकारियों, कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) और राज्य पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले की तैयारी है। इसके साथ ही एएसपी, डीएसपी, एसडीओपी और निरीक्षक स्तर के अधिकारियों की नई पदस्थापना भी लगभग तय मानी जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंगलवार को मंत्रालय में शासकीय कार्यों में व्यस्त रहे, इसी दौरान पुलिस मुख्यालय को तबादला (Chhattisgarh Police ) सूची तैयार करने के निर्देश मिलने की चर्चा सामने आई है। माना जा रहा है कि सूची को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
प्रस्तावित फेरबदल का असर रायपुर पुलिस कमिश्नरेट, रायपुर ग्रामीण, दुर्ग, बिलासपुर, सरगुजा, बस्तर और राजनांदगांव जैसे महत्वपूर्ण रेंज और जिलों पर पड़ सकता है। कई जिलों के पुलिस कप्तानों को इधर से उधर किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
सूत्रों का यह भी कहना है कि उन अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर स्थानांतरित (Chhattisgarh Police ) किया जा सकता है, जिनकी एक ही स्थान पर तैनाती को दो वर्ष या उससे अधिक समय हो चुका है। इसके अलावा, पहले जारी तबादला आदेशों में तकनीकी कारणों से कार्यभार ग्रहण न कर पाने वाले अधिकारियों को भी नई सूची में शामिल किया जा सकता है।
इसी तरह निरीक्षक से पदोन्नत होकर डीएसपी बने अधिकारियों की नई पोस्टिंग भी इस फेरबदल का हिस्सा होगी। बस्तर रेंज में हुए हालिया बदलाव और वरिष्ठ अधिकारियों के प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद वहां भी नई तैनाती की आवश्यकता बताई जा रही है।
पुलिस मुख्यालय और गृह विभाग स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिए जाने की चर्चा के बीच अब सभी की नजर संभावित तबादला सूची पर टिकी हुई है, जो जल्द ही सामने आ सकती है।

