होशियारपुर में सरपंच की निर्मम हत्या, कार से कुचलने के बाद धारदार हथियारों से किया हमला

पंजाब के होशियारपुर जिले में आम आदमी पार्टी (AAP) के सरपंच सतपाल सिंह मिंटा की मंगलवार रात बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात के दौरान हमलावरों ने पहले उन्हें कार से कई बार टक्कर मारी और फिर धारदार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
घटना होशियारपुर के आनंदगढ़ गांव की है। मृतक के बेटे राहुल के अनुसार, कुछ समय पहले पड़ोसी गांव के युवकों के बीच हुए विवाद में सतपाल सिंह मिंटा ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया था। परिवार का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने सरपंच को निशाना बनाया।
परिजनों ने बताया कि हमलावरों ने पहले सरपंच को कार से दो-तीन बार टक्कर मारी और उनके ऊपर वाहन चढ़ा दिया। इसके बाद तलवार समेत अन्य धारदार हथियारों से लगातार हमला किया गया। जब परिवार घायल सरपंच को अस्पताल ले जा रहा था, तब रास्ते में बोलेरो सवार आरोपियों ने उनका रास्ता रोकने और हमला करने की कोशिश की। किसी तरह परिवार वहां से निकलने में सफल हुआ, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही सतपाल सिंह मिंटा ने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

