बड़े सितारों वाली ‘हैवान’ की बॉक्स ऑफिस पर धीमी रफ्तार, कम बजट की ‘मंडाडी’ ने तीन दिन में मचाई धूम

अक्षय कुमार और सैफ अली खान की मुख्य भूमिकाओं वाली फिल्म ‘हैवान’ को बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक दर्शक नहीं मिल रहे हैं। रिलीज के दूसरे दिन फिल्म की कमाई में गिरावट दर्ज की गई। दूसरी ओर, दक्षिण भारतीय फिल्म ‘मंडाडी’ बिना बड़े प्रचार और स्टारकास्ट के भी शानदार प्रदर्शन कर रही है। महज तीन दिनों में इस फिल्म का कलेक्शन 20 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है।
दूसरे दिन हैवान की कमाई में गिरावट
‘हैवान’ ने रिलीज के दूसरे दिन शनिवार को करीब 2.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। फिल्म का दो दिनों का नेट कलेक्शन 5.50 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 6.60 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। विदेशों से फिल्म ने करीब 2 करोड़ रुपये कमाए हैं। इसे मिलाकर फिल्म का दो दिनों का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 8.60 करोड़ रुपये पहुंचा है। करीब 120 करोड़ रुपये के अनुमानित बजट वाली फिल्म के लिए यह आंकड़ा फिलहाल कमजोर माना जा रहा है।
मंडाडी ने तीन दिन में कमाए 20 करोड़ से ज्यादा
इसके मुकाबले ‘मंडाडी’ ने बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बना ली है। फिल्म ने रिलीज के तीसरे दिन 9.25 करोड़ रुपये की कमाई की। तीन दिनों में इसका नेट कलेक्शन 20.80 करोड़ रुपये हो चुका है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 24.43 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। विदेशों में फिल्म ने करीब 5 करोड़ रुपये कमाए हैं। इसके साथ ही ‘मंडाडी’ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 29.43 करोड़ रुपये हो गया है।
कटप्पा के किरदार से मशहूर सत्यराज भी अहम भूमिका में
‘मंडाडी’ की खास बात यह है कि इसमें कोई बहुत बड़ी स्टारकास्ट नहीं है और फिल्म का बड़े स्तर पर प्रचार भी नहीं किया गया। इसके बावजूद दर्शकों का अच्छा समर्थन मिल रहा है। फिल्म में ‘बाहुबली’ में कटप्पा का किरदार निभाकर लोकप्रिय हुए अभिनेता सत्यराज भी अहम भूमिका में हैं। मौजूदा कमाई के आंकड़ों को देखते हुए फिल्म औसतन हर दिन करीब 10 करोड़ रुपये का कारोबार कर रही है।



