तेज प्रताप यादव का बड़ा आरोप: “मेरी और लालू जी की हत्या की साजिश रची जा रही है”, 8 लोगों के खिलाफ थाने में शिकायत

पटना। पटना में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ( Tej Pratap Yadav) ने अपने खिलाफ चल रहे विवाद के बीच बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने सचिवालय थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि उनकी और उनके परिवार की छवि खराब करने के साथ-साथ उनकी हत्या की साजिश भी रची जा रही है।
तेज प्रताप यादव ने अपनी शिकायत में कुल 8 लोगों को नामजद आरोपी बनाया है। इनमें आकाश यादव, उनके पिता मनोज यादव, मां तारा देवी, अनुष्का यादव, मंजीत यादव, विशाल यादव, अभिषेक कुमार सिंह और शुभम कुमार के नाम शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड मंजीत यादव है, जो लंबे समय से उनके खिलाफ साजिश रच रहा है।
पूर्व मंत्री ( Tej Pratap Yadav) ने दावा किया कि इन लोगों ने न सिर्फ उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाए बल्कि उन्हें परिवार से अलग करने की भी कोशिश की। उन्होंने कहा कि उनके राजनीतिक और सामाजिक जीवन को नुकसान पहुंचाने के लिए सुनियोजित अभियान चलाया जा रहा है।
तेज प्रताप यादव ने यह भी आरोप लगाया कि हाल ही में उनके आवास में कुछ लोगों ने जबरन घुसने की कोशिश की। उनके अनुसार, स्टाफ द्वारा रोकने पर संदिग्ध लोग भाग गए, जिससे उन्हें शक है कि यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकता है।
उन्होंने ( Tej Pratap Yadav) कहा कि उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता है और वे जल्द ही मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर सुरक्षा बढ़ाने की मांग करेंगे। तेज प्रताप ने यह भी कहा कि राजनीतिक मतभेद अलग बात है, लेकिन उनकी जान को खतरा बताया जा रहा है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
इस दौरान उन्होंने अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव को भी भावनात्मक रूप से याद किया और कहा कि संकट की घड़ी में परिवार को एकजुट होना चाहिए। साथ ही उन्होंने संबंधित लोगों पर मानहानि और जबरन वसूली के आरोप भी लगाए हैं।
तेज प्रताप ने साफ कहा कि वे अपने खिलाफ चल रही साजिश के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ेंगे और मानहानि का मुकदमा भी दायर करेंगे।

