अमेरिका ने ईरान पर तीसरी बार किया हमला, होर्मुज स्ट्रेट फिर बंद; दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ा

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। अमेरिका ने इस सप्ताह तीसरी बार ईरान पर सैन्य कार्रवाई की है। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि ईरान ने “गलत फैसला” लिया है और अब उसे इसकी कीमत चुकानी होगी।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, यह कार्रवाई होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे एक मालवाहक जहाज पर ईरान द्वारा कथित हमले के जवाब में की गई। अमेरिका का दावा है कि ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) ने साइप्रस के झंडे वाले कंटेनर जहाज M/V GFS Galaxy को निशाना बनाया था।
वहीं, ईरान ने कहा कि संबंधित जहाज तय समुद्री मार्ग से हटकर बिना अनुमति गुजरने की कोशिश कर रहा था। कई चेतावनियों के बावजूद जहाज नहीं रुका, जिसके बाद कार्रवाई की गई।
अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने एक बार फिर होर्मुज स्ट्रेट को अगले आदेश तक बंद करने का ऐलान कर दिया। ईरान का कहना है कि जब तक अमेरिका क्षेत्र में हस्तक्षेप बंद नहीं करता, तब तक किसी भी जहाज को इस मार्ग से गुजरने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
ईरान ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि उस पर आगे भी हमले हुए, तो वह क्षेत्र में मौजूद विरोधी देशों के सैन्य ठिकानों को भी निशाना बना सकता है। इस बीच ईरान के तटीय शहरों बंदर अब्बास और सीरिक में विस्फोटों की खबरें भी सामने आई हैं।

