MAUSAM: देश के 19 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट

दिल्ली। देशभर में मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 5 जून 2026 को देश के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और गरज-चमक के साथ मौसम सक्रिय रहेगा। मौसम विभाग ने 19 राज्यों में तेज बारिश और तूफानी हवाओं का अलर्ट जारी किया है। कुछ क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
दक्षिण भारत में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दे दी है और इसके प्रभाव से केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक तथा आसपास के इलाकों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। मानसून के अगले कुछ दिनों में महाराष्ट्र, गोवा, आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्यों की ओर बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती
उत्तर भारत में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और असम में भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ हिस्सों में भी बादल छाए रहेंगे तथा कहीं-कहीं बारिश देखने को मिल सकती है।
सामान्य से अधिक गर्मी और हीटवेव की स्थिति
हालांकि मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि जून महीने में देश के कई हिस्सों में सामान्य से अधिक गर्मी और हीटवेव की स्थिति भी बनी रह सकती है। विशेष रूप से उत्तर और मध्य भारत के कुछ राज्यों में तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।

