Follow Us on Our Social Media
Sports

एशियन गेम्स ट्रायल्स में हार के बाद फूटा विनेश फोगाट का गुस्सा, बोलीं- पूरा सिस्टम हमारे खिलाफ खड़ा है

दिल्ली। एशियन गेम्स 2026 के ट्रायल्स में हार के बाद स्टार महिला पहलवान विनेश फोगाट ने भारतीय कुश्ती व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में शनिवार को हुए चयन ट्रायल्स में 53 किलोग्राम भार वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में विनेश को युवा पहलवान मीनाक्षी गोयट से 6-4 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ ही विनेश का एशियन गेम्स 2026 में खेलने का सपना टूट गया।

मुकाबले के बाद भावुक नजर आईं विनेश ने कहा कि उन्होंने अपनी ओर से पूरी ताकत झोंक दी और कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की संतुष्टि है कि उन्होंने शत-प्रतिशत प्रयास किया। विनेश ने कहा कि जब उनका बेटा बड़ा होगा तो उसे गर्व होगा कि उसकी मां ने उसके मात्र 10 महीने का होने पर भी मैट पर वापसी कर संघर्ष किया।

भारतीय कुश्ती महासंघ पर फूटा विनेश का गुस्सा

हालांकि हार के बाद उनका गुस्सा भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) पर भी फूट पड़ा। विनेश ने आरोप लगाया कि ट्रायल्स के दौरान लगातार परेशानियां खड़ी की गईं और हर छोटे-बड़े फैसले के लिए संघर्ष करना पड़ा। उन्होंने कहा, “पूरा सिस्टम एक तरफ खड़ा था और हम दूसरी तरफ। लेकिन हम गर्व के साथ उनके सामने डटे रहे और आगे भी लड़ते रहेंगे।”

दरअसल, ट्रायल्स में हिस्सा लेने को लेकर भी विनेश और WFI के बीच विवाद चला था। महासंघ उनकी एंट्री का विरोध कर रहा था, जिसके बाद मामला अदालत तक पहुंचा। कोर्ट से राहत मिलने के बाद ही उन्हें ट्रायल्स में भाग लेने का मौका मिला। रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्रायल्स के दिन भी उन्हें वजन मापने के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।

व्यवस्था के खिलाफ लड़ाई जारी: विनेश

हार के बावजूद विनेश के तेवर नरम नहीं पड़े। उन्होंने संकेत दिया कि उनकी लड़ाई केवल कुश्ती के मैट तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यवस्था के खिलाफ भी जारी रहेगी।

मुकाबले के बाद उन्होंने WFI अध्यक्ष संजय सिंह की ओर इशारा करते हुए कहा, “मैं वापस आऊंगी।” उनके इस बयान के बाद भारतीय कुश्ती में चल रहा विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Back to top button