विश्व साइकिल दिवस पर रायपुर में निकली भव्य साइकिल राइड, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

रायपुर। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में द बाइसिकल कैफे और स्पोर्ट्स एंथूज़ियास्ट एसोसिएशन (SEA) के संयुक्त तत्वावधान में भव्य साइकिल राइड का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साइक्लिंग प्रेमियों ने हिस्सा लेकर फिटनेस, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।
इस साइकिल राइड का उद्देश्य लोगों को नियमित व्यायाम के लिए प्रेरित करना और साइक्लिंग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रोत्साहित करना था। आयोजन के दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

द बाइसिकल कैफे के संचालक राघवेंद्र और स्पोर्ट्स एंथूज़ियास्ट एसोसिएशन के सचिव नीलेश कटारिया ने साइक्लिंग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि साइक्लिंग केवल एक खेल या शौक नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि साइक्लिंग शरीर को फिट रखने, हृदय को मजबूत बनाने और मानसिक तनाव कम करने में मददगार है। साथ ही यह पर्यावरण अनुकूल और प्रदूषण मुक्त परिवहन का बेहतर विकल्प भी है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष समीर सिंह ने लोगों से नियमित रूप से साइक्लिंग अपनाने की अपील करते हुए कहा कि इससे व्यक्तिगत स्वास्थ्य बेहतर होता है और स्वच्छ व हरित पर्यावरण के निर्माण में भी योगदान मिलता है।
कार्यक्रम का संचालन SEA की प्रवक्ता लिपि जैन ने किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी प्रतिभागियों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि समाज में फिटनेस, स्वास्थ्य जागरूकता और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा दिया जा सके।
विश्व साइकिल दिवस पर आयोजित यह राइड लोगों को स्वस्थ रहने, पर्यावरण संरक्षण और नियमित शारीरिक गतिविधियों के प्रति जागरूक करने का एक सार्थक प्रयास साबित हुई।

