National

देश के कई राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, दक्षिण भारत में मॉनसून हुआ सक्रिय

दिल्ली। जून के पहले सप्ताह में देश के मौसम ने करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और 6 जून को देश के कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने बताया कि मॉनसून गोवा, कर्नाटक और तमिलनाडु के कई हिस्सों तक पहुंच चुका है। इसके प्रभाव से केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। केरल के कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

ओडिशा में गर्मी से राहत

वहीं ओडिशा में तेज आंधी और बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी है। भुवनेश्वर सहित कई क्षेत्रों में 50 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलीं और राज्यभर में बारिश व बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

उत्तर भारत में भी मौसम बदला हुआ नजर आएगा। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश तथा तेज हवाएं चलने की संभावना है। यूपी के करीब 70 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

पूर्वोत्तर भारत में हो सकती है बारिश

IMD के अनुसार अगले सात दिनों के दौरान महाराष्ट्र, गोवा, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत में भारी वर्षा जारी रह सकती है। कुछ क्षेत्रों में 60 से 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा यात्रा से पहले मौसम की ताजा जानकारी लेने की सलाह दी है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button