National

जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान 6 लोग हिरासत में, धर्मेंद्र प्रधान को 7 दिन का अल्टीमेटम; CJP ने देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी

दिल्ली। राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा आयोजित प्रदर्शन शनिवार को शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो गया। प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस ने एहतियातन 6 लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार इन लोगों को संभावित विवाद और अव्यवस्था रोकने के लिए प्रिवेंटिव डिटेंशन में लिया गया था। बाद में स्पष्ट किया गया कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।

प्रदर्शन के समापन पर संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि यदि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अगले सात दिनों के भीतर इस्तीफा नहीं देते हैं, तो आंदोलन को देशभर में फैलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान पूरी तरह प्रेम, शांति और लोकतांत्रिक मूल्यों के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।

यह आंदोलन युवाओं की आवाज

संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि यह आंदोलन उन छात्रों और युवाओं की आवाज है जो लगातार पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और रोजगार के अवसरों की कमी से परेशान हैं। उन्होंने केंद्र सरकार पर धर्म आधारित राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार और बेहतर शिक्षा व्यवस्था की जरूरत है, न कि राजनीतिक ध्रुवीकरण की।

प्रदर्शन में शामिल कई युवाओं ने बताया कि वे विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों से नाराज हैं। जंतर-मंतर पर जुटी भीड़ में छात्रों, अभिभावकों और विभिन्न राज्यों से आए समर्थकों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।

ये आंदोलन केवल ट्रेलर

प्रदर्शन के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में CJP नेताओं ने दावा किया कि दिल्ली के अलावा केरल, तमिलनाडु सहित कई राज्यों से लोग इसमें शामिल हुए। संगठन ने कहा कि यह आंदोलन केवल “ट्रेलर” है और यदि मांगें नहीं मानी गईं तो आने वाले दिनों में देशव्यापी प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button