
रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और महंगाई को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज(Deepak Baij) ने मांग की है कि राज्य सरकार पेट्रोल और डीजल को वैट से मुक्त करे, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।दीपक बैज ने कहा कि पिछले एक पखवाड़े में पेट्रोल और डीजल के दामों में लगभग 8 से 9 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है, जिसका सीधा असर आम जनता पर पड़ा है। इसके कारण बस किराया, टैक्सी किराया और ट्रांसपोर्ट खर्च में बढ़ोतरी हुई है।
बैज ने कहा – आम लोगों पर बढ़ा अतिरिक्त बोझ
दीपक बैज(Deepak Baij) ने कहा कि महंगाई बढ़ने से राशन, सब्जियां और रोजमर्रा की वस्तुएं महंगी हो गई हैं, जिससे घरों का बजट बिगड़ गया है। रसोई गैस और कमर्शियल गैस के दाम बढ़ने से भी आम लोगों पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है।कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतें आने वाले दिनों में और बढ़ने की आशंका है।
पीसीसी चीफ ने उठाया राज्य सरकार के टैक्स स्ट्रक्चर पर सवाल
दीपक बैज(Deepak Baij) ने राज्य सरकार के टैक्स स्ट्रक्चर पर सवाल उठाते हुए कहा कि पेट्रोल पर 27.02 प्रतिशत वैट और डीजल पर 25 प्रतिशत वैट तथा 2 रुपये सेस वसूला जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर इस पर कटौती की जाए तो पेट्रोल-डीजल के दामों में बड़ी राहत मिल सकती है।
उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार पेट्रोलियम पदार्थों पर वैट खत्म करे, ताकि जनता को राहत मिल सके। साथ ही उन्होंने कहा कि महंगाई का असर खेती, ट्रांसपोर्ट, उद्योग और व्यापार सभी क्षेत्रों पर पड़ रहा है।कांग्रेस का कहना है कि सरकार को राजस्व की बजाय जनता को राहत देने को प्राथमिकता देनी चाहिए, ताकि आर्थिक गतिविधियों में सुधार हो और आम लोगों को राहत मिल सके।

