National

बादशाह-ईशा रिखी के रिश्ते पर फिर उठे सवाल, तलाक की चर्चाओं के बीच सास का क्रिप्टिक पोस्ट वायरल

रैपर और सिंगर बादशाह की निजी जिंदगी एक बार फिर सुर्खियों में है। उनकी दूसरी पत्नी ईशा रिखी के साथ रिश्ते को लेकर चल रही तलाक की अटकलों के बीच अब ईशा रिखी की मां का एक क्रिप्टिक सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि बादशाह और ईशा रिखी ने अब तक इन खबरों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।

सोशल मीडिया पर साझा किए गए पोस्ट में लिखा गया था, “कर्म लौटते हैं, तुम किसी का जीना मुश्किल करोगे, भगवान तुम्हारा मरना मुश्किल कर देंगे।” एक अन्य पोस्ट में लिखा गया, “कर्म कभी माफ नहीं करता, रुलाया है तो रोना भी निश्चित है।” हालांकि बाद में यह पोस्ट हटा लिया गया, लेकिन इसके स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए।

इससे पहले भी ईशा रिखी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में बिना किसी का नाम लिए लिखा था कि उन्होंने लंबे समय तक डर की वजह से चुप्पी साधे रखी, लेकिन अब वह डर के बजाय हिम्मत को चुन रही हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि उनकी चुप्पी कभी उनकी सहमति नहीं थी, बल्कि खुद को सुरक्षित रखने का एक तरीका थी। इस पोस्ट के बाद दोनों के रिश्ते को लेकर अटकलें और तेज हो गई थीं।

बादशाह और ईशा रिखी की शादी की जानकारी भी शुरुआत में सार्वजनिक नहीं हुई थी। बाद में ईशा रिखी की मां ने सोशल मीडिया पर शादी की तस्वीरें साझा कर दोनों के विवाह की पुष्टि की थी। अब उन्हीं की ओर से साझा किए गए क्रिप्टिक पोस्ट ने तलाक की अफवाहों को फिर हवा दे दी है।

फिलहाल बादशाह और ईशा रिखी की ओर से इन चर्चाओं पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट और अटकलों के बीच उनके रिश्ते को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार किया जा रहा है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button