PM आवास पर बहस के बाद प्रेस क्लब के बाहर हंगामा, BJP-कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़े; पुलिस से भी झड़प

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर मंगलवार को रायपुर प्रेस क्लब में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और डिप्टी CM विजय शर्मा के बीच खुली बहस हुई। डिबेट के दौरान प्रधानमंत्री आवास से जुड़े आंकड़ों और सरकार के दावों को लेकर दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस देखने को मिली। दोनों पक्षों ने अपने-अपने आंकड़े और तर्क सामने रखे।
प्रेस क्लब के बाहर भिड़े BJP-कांग्रेस कार्यकर्ता
डिबेट खत्म होने के बाद रायपुर प्रेस क्लब के बाहर माहौल अचानक गरमा गया। भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प शुरू हो गई।
पुलिस के साथ भी हुई झड़प
हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को अलग करने का प्रयास किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ भी झड़प हो गई।
बताया जा रहा है कि हंगामे के दौरान एक SI का बैच और शर्ट का बटन टूट गया। पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को अलग किया और स्थिति को नियंत्रित किया।
डिबेट के बाद बढ़ा सियासी पारा
प्रधानमंत्री आवास योजना के मुद्दे पर हुई इस खुली राजनीतिक बहस के बाद प्रेस क्लब के बाहर हुए हंगामे ने मामले को और गरमा दिया है। डिबेट में आंकड़ों और सरकार के दावों को लेकर हुई बहस के बाद अब कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प भी चर्चा का विषय बन गई है।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।



