Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ में बारिश का डबल अटैक: रायपुर-मुंगेली में अति भारी बारिश, आज भी कई इलाकों में चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। रविवार को राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में जमकर बारिश हुई। रायपुर शहर में 120 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि पथरिया में सबसे ज्यादा 160 मिलीमीटर पानी बरसा। रायपुर और मुंगेली जिले में कुछ स्थानों पर अति भारी बारिश हुई। लगातार बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।

रविवार को पथरिया में 160, रायपुर में 120, लोरमी में 110, लभांडी और लालपुर में 100-100 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा भाटापारा, मुंगेली और सिमगा में 90-90 मिलीमीटर, जबकि तखतपुर और जांजगीर में 80-80 मिलीमीटर पानी गिरा। डोंगरगढ़, पोंडी बचरा, करपावंड, मान और रायपुर समेत कई इलाकों में करीब सात सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई।

ये भी पढ़े: देशभर में बारिश का अलर्ट: कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी, दिल्ली में 8 दिन में टूटा अगस्त का औसत रिकॉर्ड

कई जिलों में झमाझम बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी रिकॉर्ड की गई। बिलासपुर में 53, दुर्ग में 40.8, अंबिकापुर में 35.7 और जगदलपुर में 35.1 मिलीमीटर बारिश हुई। बारिश के कारण रायपुर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.3 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री दर्ज किया गया।

आज भी भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने सोमवार, 10 अगस्त को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने और एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 25 डिग्री के आसपास रह सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे लगे छत्तीसगढ़ के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ चक्रवाती परिसंचरण और मानसून द्रोणिका के प्रभाव से प्रदेश में बारिश का दौर आगे भी जारी रहने की संभावना है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button