बिलासपुर में राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान लगेगा निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर, नाड़ी परीक्षण से मिलेगा स्वास्थ्य परामर्श,डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा देंगे सेवाएं

बिलासपुर। राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर बिलासपुर में लोगों को न्यायिक सेवाओं के साथ स्वास्थ्य संबंधी सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। 12 सितंबर, शनिवार को जिला न्यायालय परिसर में विशेष निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा परामर्श एवं उपचार शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में छत्तीसगढ़ के आयुर्वेद चिकित्सा विशेषज्ञ एवं नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा लोगों को अपनी सेवाएं देंगे।
नाड़ी परीक्षण से मिलेगी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी
शिविर में पहुंचने वाले लोगों का नाड़ी परीक्षण किया जाएगा। इसके आधार पर उनकी स्वास्थ्य स्थिति और प्रकृति को समझते हुए आयुर्वेदिक परामर्श दिया जाएगा। इसके साथ ही लोगों को उनकी प्रकृति के अनुसार उचित आहार-विहार, दिनचर्या, योग-प्राणायाम और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सावधानियों की जानकारी भी दी जाएगी।
‘चलो आयुर्वेद की ओर’ मिशन के तहत आयोजन
शिविर प्रभारी अश्विनी बुनकर ने बताया कि ‘चलो आयुर्वेद की ओर’ मिशन के तहत इस शिविर का उद्देश्य आम लोगों को आयुर्वेद से जोड़ना और आयुर्वेदिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक करना है।
आयोजकों ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में जिला न्यायालय परिसर पहुंचकर इस निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।
शिविर से जुड़ी अन्य जानकारी के लिए 6232275433 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।



