जूनियर एनटीआर की राजनीति में एंट्री की अफवाहों पर टीम का बयान, फर्जी संगठन से किया किनारा

हैदराबाद। दक्षिण भारतीय अभिनेता जूनियर एनटीआर का नाम हाल ही में ‘RAW NTR’ नामक एक संगठन से जोड़े जाने के बाद उनकी राजनीति में एंट्री की अटकलें तेज हो गई थीं। हालांकि, अभिनेता की टीम ने आधिकारिक बयान जारी कर इन सभी दावों को खारिज कर दिया है।
टीम ने स्पष्ट किया कि जूनियर एनटीआर का ‘RAW NTR’ नाम के किसी भी संगठन, गतिविधि या अभियान से कोई संबंध नहीं है। बयान में कहा गया कि संबंधित संगठन ऐसी गतिविधियां कर रहा है, जिससे लोगों में यह भ्रम पैदा हो सकता है कि अभिनेता उससे जुड़े हुए हैं।
टीम ने लोगों, मीडिया और प्रशंसकों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट जानकारियों पर भरोसा न करें। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि ‘RAW NTR’ को अभिनेता की ओर से बोलने या उनका प्रतिनिधित्व करने का कोई अधिकार नहीं है।
जारी बयान में कहा गया कि जूनियर एनटीआर से जुड़ी किसी भी प्रकार की समाजसेवा, आधिकारिक घोषणा या अन्य जानकारी केवल उनके आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट या अधिकृत टीम के माध्यम से ही साझा की जाएगी।

टीम ने यह भी कहा कि इस विषय पर यही उनका अंतिम बयान है और उम्मीद जताई कि इससे सभी अफवाहों और गलतफहमियों पर विराम लग जाएगा। साथ ही मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म से बिना पुष्टि की गई जानकारी साझा न करने की अपील की गई।

