NationalSports

वैभव सूर्यवंशी पर बड़ा एक्शन: 50% मैच फीस कटी, कप्तान तिलक वर्मा और श्रीलंकाई खिलाड़ी पर भी जुर्माना

दिल्ली। भारत-ए और श्रीलंका-ए के बीच दांबुला में खेले गए त्रिकोणीय सीरीज के मुकाबले के बाद हुए विवाद पर कार्रवाई की गई है। भारतीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi ) और श्रीलंका-ए के खिलाड़ी विशेन हलम्बगे की 50 प्रतिशत मैच फीस काट दी गई है। इसके अलावा भारत-ए के कप्तान तिलक वर्मा और श्रीलंका-ए के विकेटकीपर निरोशन डिकवेला पर भी जुर्माना लगाया गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मैच रेफरी प्रदीप जेयप्रकाश ने विशेन हलम्बगे को मैदान पर तनाव बढ़ाने और वैभव सूर्यवंशी को उकसाने का दोषी माना। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों पर मैच फीस का 50-50 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया। वहीं, कप्तान तिलक वर्मा पर 30 प्रतिशत और निरोशन डिकवेला पर 20 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगाया गया है।

यह पूरा विवाद उस समय हुआ, जब भारत-ए और श्रीलंका-ए के बीच मुकाबला बेहद रोमांचक स्थिति में पहुंच गया था। सुपर ओवर में श्रीलंका-ए की जीत के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच बहस शुरू हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi )और विशेन हलम्बगे के बीच धक्का-मुक्की तक की स्थिति बन गई।

भारत-ए के स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने वैभव सूर्यवंशी का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ी इस घटना से सीखेंगे और भविष्य में ऐसी परिस्थितियों को बेहतर तरीके से संभालेंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि मैदान पर सभी खिलाड़ियों को अपने व्यवहार का ध्यान रखना चाहिए।

15 साल के वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi ) इस सीरीज में अभी तक अपने बल्ले से खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं। उन्होंने चार मुकाबलों में 117 रन बनाए हैं। हालांकि, कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबलों में खेलने के अनुभव को देखते हुए टीम प्रबंधन को उनसे काफी उम्मीदें हैं।

भारत-ए की टीम इस मुकाबले में सुपर ओवर में हार गई थी। मैच के बाद हुए विवाद ने खेल भावना को लेकर भी चर्चा तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि खिलाड़ियों को मैदान पर अनुशासन बनाए रखना जरूरी है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button