SCO समिट की ग्रुप फोटो से PM मोदी को हटाया, पाकिस्तान PMO ने शेयर की एडिटेड तस्वीर

किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के 26वें शिखर सम्मेलन के दौरान पाकिस्तान की ओर से एक विवादित तस्वीर शेयर किए जाने को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने SCO नेताओं की ग्रुप फोटो शेयर करते समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर को क्रॉप कर हटा दिया। वहीं, पीएम मोदी की ओर से साझा की गई तस्वीर में सभी नेता नजर आ रहे हैं।
पाकिस्तान PMO ने शेयर की एडिटेड फोटो
SCO समिट में सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने आधिकारिक ग्रुप फोटो खिंचवाई थी। इस तस्वीर में पीएम मोदी, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग समेत अन्य नेता मौजूद थे। लेकिन पाकिस्तान PMO द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर की गई तस्वीर में मोदी को फ्रेम से हटा दिया गया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, तस्वीर में शहबाज शरीफ को प्रमुखता से बीच में दिखाया गया। हालांकि, इस फोटो एडिट को लेकर पाकिस्तान की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।
मोदी, पुतिन और शी की दिखी खास बॉन्डिंग
ग्रुप फोटो के दौरान पीएम मोदी की रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ बातचीत और गर्मजोशी देखने को मिली। तीनों नेताओं के हाथ मिलाने और मुस्कुराने का वीडियो भी सामने आया है।
वहीं, फोटो सेशन के दौरान पीएम मोदी और शहबाज शरीफ के बीच किसी खास बातचीत या औपचारिक मुलाकात की तस्वीर सामने नहीं आई।
आतंकवाद पर पीएम मोदी का सख्त संदेश
SCO समिट में अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होकर कार्रवाई करने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठन को आतंकवाद के पूरे तंत्र को खत्म करने और उसे मिलने वाली वित्तीय मदद रोकने के लिए मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई में दोहरे मानदंडों की भी आलोचना की।
पीएम मोदी ने युद्ध और संघर्षों का समाधान बातचीत और कूटनीति के जरिए निकालने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि संपर्क और कनेक्टिविटी बढ़ाने वाली परियोजनाओं में सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किया जाना चाहिए।



