छत्तीसगढ़ में दो दिन बाद बढ़ेगी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में फिलहाल मानसून की रफ्तार धीमी बनी हुई है। प्रदेश में सामान्य से 4 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी हो सकती है। सोमवार को भी कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके बाद कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है।
दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बने लो प्रेशर एरिया और उससे जुड़ी मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में नमी बढ़ने की संभावना है। इसी के चलते आने वाले दिनों में बारिश का दौर तेज हो सकता है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कुछ हिस्सों में ही बहुत हल्की से हल्की बारिश हुई है।
प्रदेश में बारिश की कमी बढ़कर 4 प्रतिशत हुई
1 जून से 6 सितंबर तक छत्तीसगढ़ में 950.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 990.8 मिमी होनी चाहिए थी। इस तरह प्रदेश में बारिश सामान्य से करीब 4 प्रतिशत कम है। पिछले आंकड़े में यह कमी 2 प्रतिशत थी।
हालांकि मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल यह बड़ी कमी नहीं है। अगले दो दिनों में यदि कई इलाकों में बारिश होती है तो बारिश का अंतर कम हो सकता है। फिलहाल भारी बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
राजधानी रायपुर में सोमवार को गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। रविवार को बिलासपुर और राजनांदगांव प्रदेश के सबसे गर्म शहर रहे, जहां अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री दर्ज किया गया। पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री रहा।
बलरामपुर में सामान्य से 70% ज्यादा बारिश
जिलों के आंकड़ों में बारिश की स्थिति अलग-अलग है। बलरामपुर में अब तक सामान्य से 70 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है। यहां 1436.7 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य बारिश 846.1 मिमी होती है।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 1105 मिमी, मुंगेली में 1054.1 मिमी, रायपुर में 1050.6 मिमी और बालौदा बाजार में 967.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
वहीं बेमेतरा में सबसे कम 539.9 मिमी बारिश हुई है, जबकि यहां सामान्य बारिश 910.5 मिमी है। जिले में बारिश सामान्य से 41 प्रतिशत कम है। इसके अलावा सरगुजा में 632.3 मिमी, कबीरधाम में 595.6 मिमी, कांकेर में 729.1 मिमी और जशपुर में 765.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है।



