National

पत्नी ने प्रेमी संग रची साजिश, पति की हत्या करके फैक्ट्री में 15 फीट नीचे दफनाया शव; 2 साल बाद खुला राज

अहमदाबाद। गुजरात के जामनगर में दो साल पहले लापता हुए युवक की हत्या (MURDER) का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया कि युवक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची।

आरोप है कि युवक को शराब में साइनाइड मिलाकर पिलाया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को एक फैक्ट्री परिसर में 12 से 15 फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया गया। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

प्रेम संबंध में हत्या का खुलासा

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान जिग्नेश धर्मेशभाई मावडिया के रूप में हुई है। दो वर्ष पहले (MURDER) उनके लापता होने की शिकायत सिटी-बी पुलिस थाने में दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान पता चला कि जिग्नेश की पत्नी पृथ्वी और नीलेश मनसुखभाई कचेटिया के बीच कथित प्रेम संबंध थे। पुलिस का आरोप है कि दोनों ने मिलकर जिग्नेश को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

हत्या करने के बाद पति के विदेश जाने का दिया था झांसा

जांच में सामने आया कि हत्या के बाद आरोपियों ने शव को जामनगर के दरेड क्षेत्र स्थित एक किराए की फैक्ट्री में ले जाकर गहरे गड्ढे में दफना दिया। इसके बाद पृथ्वी परिवार को लगातार यह कहती रही कि जिग्नेश ऑस्ट्रेलिया में नौकरी कर रहा है और जिस कंपनी में वह काम करता है, वहां मोबाइल फोन रखने की अनुमति नहीं है। इसी बहाने करीब दो साल तक परिवार को गुमराह किया गया।

भाई की शिकायत पर खुला हत्या का राज

मामले का खुलासा तब हुआ, जब मृतक के भाई अशोक मावडिया (MURDER) ने जिग्नेश से बात कराने का दबाव बनाया और पुलिस से संपर्क करने की बात कही। इसके बाद पुलिस ने पूछताछ तेज की। आरोपियों की निशानदेही पर फैक्ट्री में खुदाई कराई गई, जहां फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में इंसानी अवशेष बरामद हुए।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। बरामद अवशेषों की वैज्ञानिक जांच कराई जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी है। आरोपी दोषी हैं या नहीं, इसका अंतिम निर्णय न्यायालय में सुनवाई के बाद होगा।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button