बॉक्स ऑफिस पर ‘जेलर 2’ का धमाका, 800 करोड़ पार कर ‘छावा’ को छोड़ा पीछे

रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के करीब तीन हफ्ते बाद भी फिल्म की कमाई का सिलसिला जारी है। 18 दिनों की कमाई के बाद फिल्म ने 800 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है और विकी कौशल की सफल फिल्म ‘छावा’ के लाइफटाइम कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है।
वीकडेज में कमाई की रफ्तार कुछ धीमी रहने के बावजूद वीकेंड पर फिल्म ने जबरदस्त उछाल दर्ज किया। इसी के साथ ‘जेलर 2’ 800 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली तमिल फिल्म इंडस्ट्री की पहली फिल्म बन गई है। फिल्म अब भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में 16वें स्थान पर पहुंच गई है।
18 दिनों में ‘छावा’ के रिकॉर्ड के करीब पहुंची फिल्म
रिपोर्ट्स के मुताबिक, विकी कौशल की फिल्म ‘छावा’ का लाइफटाइम वर्ल्डवाइड कलेक्शन करीब 807.91 करोड़ रुपये रहा था। वहीं, ‘जेलर 2’ ने 18 दिनों में करीब 807.25 करोड़ रुपये की कमाई कर ली थी और दोनों फिल्मों के कलेक्शन में सिर्फ 66 लाख रुपये का अंतर रह गया था।
19वें दिन की कमाई शुरू होने के साथ ही ‘जेलर 2’ के ‘छावा’ से आगे निकलने की बात कही जा रही है। वीकडेज में भी फिल्म औसतन करीब 5 करोड़ रुपये की कमाई कर रही है, जिससे आने वाले दिनों में इसके कई और बड़े रिकॉर्ड तोड़ने की संभावना है।
अब इन बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड पर नजर
‘जेलर 2’ के सामने अब कई बड़ी फिल्मों के बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड हैं। फिल्म ऋषभ शेट्टी की ‘कांतारा चैप्टर 1’ के वर्ल्डवाइड कलेक्शन को चुनौती दे सकती है, जिसने करीब 853 करोड़ रुपये की कमाई की थी।
इसके अलावा श्रद्धा कपूर की ‘स्त्री 2’ भी फिल्म के निशाने पर है, जिसका कुल कलेक्शन करीब 857.15 करोड़ रुपये बताया गया है। वहीं, आमिर खान की ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ ने लगभग 875.78 करोड़ रुपये का लाइफटाइम कलेक्शन किया था।
‘जेलर 2’ की लगातार मजबूत कमाई को देखते हुए माना जा रहा है कि फिल्म आने वाले दिनों में भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में और ऊपर पहुंच सकती है। अब देखना होगा कि रजनीकांत की यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर आगे कितने बड़े रिकॉर्ड अपने नाम करती है।



