राहुल गांधी से मिले पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ल, छत्तीसगढ़ कांग्रेस में सियासी चर्चाएं तेज

रायपुर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ल ने दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की है। देर शाम हुई इस मुलाकात के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन में बदलाव और नई नियुक्तियों को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं। राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) में जल्द ही कार्यकारी अध्यक्षों की नियुक्ति की जा सकती है। ऐसे में अमितेश शुक्ल की राहुल गांधी से मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अमितेश शुक्ल का नाम संभावित कार्यकारी अध्यक्षों की चर्चा में भी सामने आता रहा है। उन्होंने पहले भी संगठन में बड़ी जिम्मेदारी निभाने की इच्छा जताई थी।
मुलाकात को लेकर अमितेश शुक्ल ने कहा कि गांधी परिवार और शुक्ल परिवार के बीच लंबे समय से पारिवारिक संबंध रहे हैं। काफी समय से मुलाकात नहीं हो पाई थी, इसलिए वे राहुल गांधी से मिलने गए थे।
उन्होंने बताया कि मुलाकात के दौरान किसी विशेष मुद्दे पर चर्चा नहीं हुई, लेकिन राज्य के विभिन्न विषयों और संगठन से जुड़े मुद्दों पर बातचीत हुई। उन्होंने कहा कि उनके पास जो भी जानकारी थी, उसे उन्होंने राहुल गांधी के साथ साझा किया।
संगठन में संभावित जिम्मेदारी को लेकर अमितेश शुक्ल ने कहा कि यदि पार्टी हाईकमान उन्हें कोई जिम्मेदारी सौंपता है, तो वह उसे निभाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
इस मुलाकात के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संभावित संगठनात्मक बदलावों को लेकर अटकलें और तेज हो गई हैं।

