अभनपुर में सुशासन तिहार के दौरान कांग्रेस और महिलाओं का प्रदर्शन, पेयजल संकट समेत कई समस्याओं को लेकर जताया विरोध

अभनपुर के गोबरा नवापारा नगर में विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय महिलाओं ने सुशासन तिहार कार्यक्रम में विरोध प्रदर्शन किया। हरिहर स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं खाली मटकी और तख्तियां लेकर पहुंचीं तथा पेयजल संकट सहित अन्य मुद्दों पर नाराजगी जाहिर की।
प्रदर्शनकारियों ने नगर में अवैध रेत और खनिज परिवहन, अवैध शराब बिक्री, पात्र हितग्राहियों को समय पर पेंशन न मिलने, किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध न होने और लगातार बिजली कटौती जैसी समस्याओं को उठाया। उन्होंने इन मुद्दों के समाधान की मांग प्रशासन से की।
पानी की समस्या के विरोध में महिलाओं ने आयोजन स्थल पर खाली मटकी फोड़कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार सुशासन का दावा कर रही है, जबकि आम जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
मौके पर पहुंचे अभनपुर एसडीएम ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो गया।

