पेपर लीक पर कांग्रेस का हमला, केंद्र सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
महंत बोले- पेपर लीक ने छात्रों का भरोसा तोड़ दिया

रायपुर | रायपुर में कांग्रेस(Congress) ने पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ियों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने देश के करोड़ों छात्रों का भविष्य संकट में डाल दिया है। उनका आरोप है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता लगातार कमजोर हो रही है, जबकि दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से छात्रों का भरोसा भी टूट रहा है।
‘150 से ज्यादा पेपर लीक, करोड़ों छात्र प्रभावित’
डॉ. महंत ने दावा किया कि केंद्र में मौजूदा सरकार के कार्यकाल के दौरान देशभर में 150 से अधिक पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं, जिनसे लगभग 7.5 करोड़ छात्र और उनके परिवार प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि हर साल करीब 9 करोड़ युवा सरकारी नौकरियों की तैयारी करते हैं, जबकि रिक्त पदों की संख्या करीब 6 लाख ही होती है। ऐसे में अभ्यर्थी कई वर्षों तक लगातार पढ़ाई, कोचिंग और आर्थिक संघर्ष के बाद परीक्षा देते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी मेहनत पर पानी फेर देती हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लाखों रुपये में बेचे जाने की चर्चाएं सामने आई हैं, जिससे पूरी भर्ती प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
नीट विवाद और छात्रा की मौत का भी उठाया मुद्दा
प्रेस वार्ता में डॉ. महंत ने जगदलपुर की छात्रा सुरला हारिका राव की आत्महत्या का मामला भी उठाया। उन्होंने कहा कि छात्रा कथित तौर पर नीट-2 परीक्षा के परिणाम से निराश थी। कांग्रेस(Congress) का आरोप है कि परीक्षा प्रक्रिया में हुई गड़बड़ियों और अनिश्चितता ने कई छात्रों को मानसिक तनाव में धकेला है। पार्टी का कहना है कि परीक्षा रद्द होने, दोबारा परीक्षा कराने और परिणामों को लेकर बने असमंजस का असर लाखों अभ्यर्थियों पर पड़ा है। कांग्रेस ने इस पूरे मामले में केंद्र सरकार की जवाबदेही तय करने की मांग की।
डॉ. महंत ने कहा कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठ रहे हैं, लेकिन अब तक व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस कदम दिखाई नहीं दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक के मामलों में सख्त कार्रवाई नहीं होने से ऐसे गिरोहों का मनोबल बढ़ा है। कांग्रेस(Congress) ने मांग की कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो और छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में सरकार जवाबदेही तय करे।प्रेस वार्ता में पूर्व मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया, पूर्व मंत्री अमितेष शुक्ल, कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और नेता मौजूद रहे।

