अविश्वास प्रस्ताव गिरने के बाद भाजपा का कांग्रेस पर बड़ा हमला
भाजपा बोली- कांग्रेस पूरी तरह बेनकाब

रायपुर | छत्तीसगढ़ विधानसभा में कांग्रेस का अविश्वास प्रस्ताव खारिज होने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। भाजपा(BJP) प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि इस नतीजे ने साफ कर दिया है कि कांग्रेस सदन के साथ-साथ जनता का भरोसा भी खो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस बिना ठोस मुद्दों के सरकार को घेरने की कोशिश कर रही है, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली।
‘अविश्वास प्रस्ताव कांग्रेस की रणनीति की विफलता’
किरण सिंह देव ने कहा कि कांग्रेस का अविश्वास प्रस्ताव तथ्यों और ठोस आधार के बजाय राजनीतिक आरोपों पर टिका था। उनके मुताबिक, विधानसभा में प्रस्ताव खारिज होना इस बात का संकेत है कि विपक्ष सरकार के खिलाफ प्रभावी मुद्दे पेश नहीं कर पाया। भाजपा(BJP) का कहना है कि कांग्रेस के पास जनहित से जुड़े सवालों के बजाय केवल राजनीतिक बयानबाजी बची है।
सरकार के कामकाज का किया बचाव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने कम समय में कई जनहित योजनाओं पर काम शुरू किया है और चुनावी वादों को पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार विकास और कल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता दे रही है, जबकि कांग्रेस केवल राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश कर रही है।
भाजपा(BJP) ने कांग्रेस पर आंतरिक गुटबाजी का भी आरोप लगाया और कहा कि अविश्वास प्रस्ताव सरकार को घेरने से ज्यादा विपक्ष की राजनीतिक मजबूरी का परिणाम था। पार्टी का कहना है कि जनता ने विधानसभा चुनाव में भाजपा को स्पष्ट जनादेश दिया है और सरकार उसी जनादेश के अनुरूप काम कर रही है।किरण सिंह देव ने कहा कि भाजपा राज्य के विकास और जनकल्याण के एजेंडे पर आगे भी काम करती रहेगी। साथ ही उन्होंने कांग्रेस से सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाने और तथ्य आधारित राजनीति करने की सलाह दी।

