दीपावली से पहले छत्तीसगढ़ को केंद्र से मिली 3,602 करोड़ रुपये की राशि, विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार

केंद्र सरकार ने दीपावली से पहले छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों को टैक्स डिवोल्यूशन की अग्रिम किस्त जारी की है। इसके तहत छत्तीसगढ़ को 3,602 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इस राशि के मिलने पर प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार जताया है।
विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को मिलेगी गति
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर कहा कि दीपावली से पहले केंद्र सरकार की ओर से जारी की गई यह राशि प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण है। इससे राज्य में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ को 3,602 करोड़ रुपये की अग्रिम किस्त जारी की है। इस फैसले के लिए उन्होंने प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार व्यक्त किया।
टैक्स डिवोल्यूशन के तहत जारी हुई राशि
टैक्स डिवोल्यूशन के तहत केंद्र सरकार राज्यों के साथ केंद्रीय करों में उनकी निर्धारित हिस्सेदारी साझा करती है। दीपावली से पहले जारी की गई अग्रिम किस्त से छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों को वित्तीय सहायता मिलेगी। इससे राज्य सरकार को विकास योजनाओं और विभिन्न जनहितकारी कार्यों के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध होंगे।



