सुकमा में 102 जगहों पर हुआ राष्ट्रीय एकता परेड का सीधा प्रसारण, 20 हजार जवानों और नागरिकों ने लिया हिस्सा

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता परेड 2026 का सुकमा जिले में व्यापक स्तर पर सीधा प्रसारण किया गया। प्रधानमंत्री की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम को जिले के 102 स्थानों पर बड़ी स्क्रीन, टीवी और प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाया गया। इसमें करीब 18 से 20 हजार सुरक्षा बलों के जवानों, स्कूली बच्चों और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्थानों पर भारत माता की जय के नारे गूंजते रहे।
102 स्थानों पर हुई लाइव स्क्रीनिंग
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी थानों, सुरक्षा कैंपों, पोटाकेबिन और छात्रावासों में शाम 5:30 बजे से लाइव स्क्रीनिंग की व्यवस्था की गई थी। खास बात यह रही कि कभी नक्सल प्रभावित रहे पुवर्ती, गोगुंडा, गोलापल्ली और किस्टाराम जैसे अंदरूनी इलाकों में भी ग्रामीणों ने सुरक्षा बलों के जवानों के साथ बैठकर परेड का प्रसारण देखा।
इस दौरान जवानों और स्थानीय लोगों ने पूरे उत्साह के साथ राष्ट्रीय एकता के समर्थन में नारे लगाए। सुरक्षा बलों, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों की एक साथ मौजूदगी से आपसी विश्वास और सौहार्द का संदेश भी दिया गया।
शारदा सिनेमा में जुटे प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि
जिला मुख्यालय स्थित शारदा सिनेमा में विशेष लाइव स्क्रीनिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कलेक्टर अमित कुमार, सीआरपीएफ के डीआईजी आनंद राज पुरोहित और पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर सहित प्रशासनिक, पुलिस और सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि दीपिका शोरी, धनीराम बरसे, पत्रकारों और बड़ी संख्या में शहरवासियों ने भी हिस्सा लिया।
एकता और अखंडता बनाए रखने का लिया संकल्प
आयोजन के सभी 102 केंद्रों पर दर्शकों के बैठने, छाया और पेयजल की व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने का संकल्प दोहराया।
संघर्ष और नक्सल प्रभाव से प्रभावित रहे अंदरूनी इलाकों से लेकर जिला मुख्यालय तक पुलिस, सुरक्षा बलों और आम नागरिकों की भागीदारी को आपसी विश्वास और शांति की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।



